Founder – Mohan Milan

दिल्ली-चंडीगढ़ में ED छापेमारी से पंजाब राजनीति गरमाई

चंडीगढ़,अंग भारत| पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय (ED) के निशाने पर आ गए हैं। शनिवार सुबह ईडी की टीमों ने चंडीगढ़ और दिल्ली स्थित उनके कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। एक महीने के भीतर तीसरी बार हुई इस कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।सूत्रों के अनुसार जिन स्थानों पर छापेमारी की गई, उनमें मंत्री संजीव अरोड़ा का आधिकारिक आवास, उनका कार्यालय और हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड से जुड़े कई परिसर शामिल हैं।

Read more………..धमकी के बाद धमाका, अंबाला-दिल्ली रूट पर बढ़ी सुरक्षा

भारी सुरक्षा के बीच चली तलाशी

चंडीगढ़ स्थित मंत्री आवास पर सुबह-सुबह ईडी अधिकारियों की कई टीमें पहुंचीं। बताया जा रहा है कि करीब आठ गाड़ियों में अधिकारी पहुंचे और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। इसके बाद कई घंटों तक दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की जांच की गई।यह पहली बार नहीं है जब संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई हुई हो। इससे पहले 17 अप्रैल को भी एजेंसी ने विदेशी मुद्रा उल्लंघन मामले में उनसे जुड़े परिसरों पर छापेमारी की थी।

खरड़ में रेड के बाद तेज हुई जांच

ताजा कार्रवाई मोहाली के खरड़ स्थित वेस्टर्न टावर्स में कथित लायजन एजेंट नितिन गोहल के घर पर हुई छापेमारी के बाद सामने आई है। माना जा रहा है कि इसी जांच के आधार पर ईडी ने संजीव अरोड़ा से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई तेज की है।जांच एजेंसी का कहना है कि इस मामले में कई वित्तीय लेनदेन और कंपनियों के दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।

100 करोड़ से अधिक की मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप

ईडी की प्रारंभिक जांच में आरोप लगाया गया है कि संजीव अरोड़ा ने अपनी कंपनी के जरिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की कथित मनी लॉन्ड्रिंग की। जांच में दावा किया गया है कि मोबाइल फोन की फर्जी खरीद दिखाई गई और बाद में उन्हें निर्यात करने का रिकॉर्ड तैयार किया गया।एजेंसी के अनुसार इस प्रक्रिया के जरिए दुबई से भारत में अवैध धन लाया गया। वित्तीय भाषा में इसे ‘राउंड ट्रिपिंग’ कहा जाता है।

फर्जी कंपनियों से जीएसटी बिल लेने का आरोप

जांच में यह भी सामने आया है कि दिल्ली स्थित कई कथित फर्जी कंपनियों से जीएसटी बिल लिए गए, ताकि इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का गलत लाभ उठाया जा सके। इसके अलावा निर्यात के नाम पर जीएसटी रिफंड और ड्यूटी ड्रॉबैक में भी गड़बड़ी के आरोप लगाए गए हैं।ईडी का कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया के जरिए सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाकर निजी लाभ कमाया गया। फिलहाल एजेंसी डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उठाए सवाल

ईडी की कार्रवाई पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे राजनीतिक कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि एक साल में तीसरी और एक महीने में दूसरी बार संजीव अरोड़ा के यहां छापेमारी हुई है, लेकिन अब तक कुछ भी बरामद नहीं हुआ।मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब किसी दबाव में झुकने वाला नहीं है।

आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर लगाया आरोप

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने भी ईडी कार्रवाई को लेकर बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार को बदनाम करने और राज्य में चल रहे विकास कार्यों को प्रभावित करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।फिलहाल ईडी की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में कई और अहम खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts