Founder – Mohan Milan

मंत्री शैलेंद्र ने तेलडीहा मंदिर में की पूजा,दी बड़ी सौगात

शंभूगंज/बांका/अंग भारत। बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र शनिवार को मंत्री बनने के बाद पहली बार शंभूगंज स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ तेलडीहा दुर्गा मंदिर पहुंचे। उनके आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुबह से ही उत्साह का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय लोग और श्रद्धालु मंदिर परिसर में मौजूद रहे। मंत्री के पहुंचते ही समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।मंदिर पहुंचने पर पुजारी आचार्य श्याम जी ने मंत्री को गर्भगृह में ले जाकर विधिवत पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने मां दुर्गा से राज्य और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। पूजा के बाद उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और मंदिर की ऐतिहासिक व धार्मिक महत्ता की जानकारी ली।

Read more………….सीवान ज्वेलरी लूटकांड का खुलासा, चार बदमाश गिरफ्तार

रिवर फ्रंट परियोजना को बताया पर्यटन के लिए अहम

मंत्री ने मंदिर परिसर एवं आसपास चल रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिया। खासकर मंदिर के समीप बन रहे रिवर फ्रंट निर्माण कार्य को देखकर उन्होंने संतोष जताया। उन्होंने कहा कि तेलडीहा दुर्गा मंदिर बिहार के महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों में शामिल है और यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। रिवर फ्रंट परियोजना पूरी होने के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास केवल आस्था से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय रोजगार और व्यापार को भी बढ़ावा मिलता है। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।

जनप्रतिनिधियों ने रखीं विकास से जुड़ी मांगें

इस मौके पर मुंगेर विधायक कुमार प्रणय, कटोरिया विधायक पूरनलाल टुडू, मनोज मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने मंत्री के समक्ष सड़क, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी कई मांगें भी रखीं। मंत्री ने सभी समस्याओं पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।मंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर में पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि श्रद्धालुओं और आगंतुकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने मंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी उम्मीदें जाहिर कीं।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि तेलडीहा दुर्गा मंदिर का समुचित विकास होता है तो यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बन सकता है। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और बांका जिले की पहचान भी राज्य स्तर पर मजबूत होगी।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts