Founder – Mohan Milan

गंगा नदी में बीच धारा में फंसी नाव, यात्रियों में दहशत

भागलपुर,अंग भारत। विक्रमशिला सेतु ध्वस्त होने के बाद भागलपुर और नवगछिया के बीच नाव यात्रा लोगों की मजबूरी बन गई है। रोजाना हजारों लोग गंगा नदी पार करने के लिए नाव का सहारा ले रहे हैं। इसी बीच बुधवार को बरारी घाट से महादेवपुर घाट जा रही एक यात्री नाव बीच गंगा नदी में अचानक खराब हो गई, जिससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

Read more…………..बिहार में ‘नो व्हीकल डे’ की तैयारी, CM की बड़ी अपील

बीच नदी में बंद हुआ नाव का इंजन

जानकारी के अनुसार नाव पर बड़ी संख्या में यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं। इसके अलावा कई मोटरसाइकिलें भी नाव पर लदी हुई थीं। यात्रा के दौरान अचानक नाव का इंजन बंद हो गया और नाव बीच धारा में ही फंस गई।नाव के बीच नदी में रुकते ही यात्रियों में डर और घबराहट का माहौल बन गया। खासकर महिला यात्री काफी परेशान नजर आईं। कई लोग सुरक्षित किनारे तक पहुंचने की चिंता में बेचैन हो गए। नाव करीब दो घंटे तक गंगा नदी के बीचोंबीच फंसी रही।

चालक और स्थानीय लोग करते रहे प्रयास

नाव खराब होने के बाद चालक और आसपास मौजूद स्थानीय लोग इंजन को दोबारा चालू करने की कोशिश में जुट गए। काफी देर तक प्रयास किए गए लेकिन इंजन चालू नहीं हो सका। धीरे-धीरे स्थिति गंभीर होती गई और यात्रियों में अफरातफरी का माहौल बन गया।घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ। इंस्पेक्टर नीलू के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

महिलाओं और बच्चों को पहले निकाला गया

बचाव दल ने सबसे पहले महिलाओं समेत कुछ यात्रियों को दूसरी नाव के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद अन्य यात्रियों को भी धीरे-धीरे दूसरी नाव पर शिफ्ट कर सुरक्षित घाट तक पहुंचाया गया।हालांकि नाव पर मौजूद मोटरसाइकिलों को दूसरी नाव में ले जाना संभव नहीं हो पाया। ऐसे में उन्हें खराब नाव पर ही रखा गया। एसडीआरएफ और नाव चालक लगातार इंजन ठीक करने में जुटे रहे।

टोचन के जरिए पहुंचाई जा सकती है नाव

बचाव दल के अधिकारियों ने बताया कि यदि खराब नाव का इंजन दोबारा चालू हो जाता है तो उसे महादेवपुर घाट तक ले जाया जाएगा। वहीं यदि इंजन ठीक नहीं हुआ तो दूसरी बड़ी नाव की मदद से उसे बांधकर टोचन के जरिए गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।घटना के बाद यात्रियों ने नावों की तकनीकी जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि विक्रमशिला सेतु के टूटने के बाद नावों पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में प्रशासन को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए।फिलहाल सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts