Founder – Mohan Milan

ब्लैकआउट मॉक ड्रिल के दौरान कारोबारी की गोली मार हत्या

पटना,अंग भारत। राजधानी पटना में गुरुवार की रात सिविल डिफेंस के ब्लैकआउट मॉक ड्रिल के दौरान अपराधियों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए एक मसाला कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के मुसल्लेपुर हाट सब्जी मंडी की है, जहां अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाशों ने कारोबारी को बेहद करीब से गोली मारी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।मृतक की पहचान टिकिया टोली निवासी नेपाली साव के 35 वर्षीय पुत्र पिंटू कुमार के रूप में हुई है। पिंटू मुसल्लेपुर हाट में मसालों का कारोबार करते थे और इलाके में काफी परिचित माने जाते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना उस समय हुई जब शहर में सिविल डिफेंस की ओर से ब्लैकआउट का पूर्वाभ्यास चल रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक अपराधी मौके से फरार हो चुके थे और कारोबारी खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़े।

Read more………..मुजफ्फरपुर की शाही लीची बाजार में पहुंची, कीमत 400 सैकड़ा

अंधेरे में वारदात से दहशत, अस्पताल में हुई मौत

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और परिजन घायल कारोबारी को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने देर रात जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। कारोबारी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा गया।घटना की सूचना मिलते ही सिटी पुलिस अधीक्षक (पटना पूर्वी) परिचय कुमार और पटना सिटी के अपर पुलिस अधीक्षक राजकिशोर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने कई महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि अपराधियों ने ब्लैकआउट मॉक ड्रिल के दौरान फैले अंधेरे का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि कारोबारी को बेहद करीब से गोली मारी गई थी। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस स्थानीय लोगों और व्यापारियों से भी पूछताछ कर रही है। वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।राजधानी पटना में मॉक ड्रिल जैसे संवेदनशील कार्यक्रम के दौरान हुई इस हत्या ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

One Response