Founder – Mohan Milan

सीएम ने किया राजकीय मलमास मेला का भव्य उद्घाटन

नालंदा,अंग भारत। बिहार के ऐतिहासिक और धार्मिक पर्यटन स्थल राजगीर में रविवार सुबह वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच राजकीय मलमास मेला का भव्य शुभारंभ हुआ। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने फीता काटकर मेले का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही पूरे राजगीर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संत-महात्मा, श्रद्धालु और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Read more……………..सोलह श्रृंगार कर महिलाओं ने मांगी पति की लंबी उम्र

एक माह तक राजगीर में रहेगा धार्मिक माहौल

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सनातन परंपरा के अनुसार 33 करोड़ देवी-देवता मलमास के दौरान एक माह के लिए राजगीर में प्रवास करते हैं। उन्होंने कहा कि यह मेला बिहार की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। मलमास मेले की सबसे खास बात यह मानी जाती है कि इस अवधि में राजगीर सहित अन्य स्थानों पर मांगलिक और शुभ कार्य नहीं किए जाते।यह मेला आगामी 15 जून तक चलेगा, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मलमास के दौरान राजगीर में स्नान और पूजा-अर्चना का विशेष महत्व होता है।

ब्रह्मकुंड में हुआ ध्वजारोहण

राजगीर तीर्थ रक्षार्थ पंडा समिति के सचिव विकास उपाध्याय ने बताया कि ब्रह्मकुंड परिसर में संत शिरोमणि परमहंस चिदात्मन महाराज द्वारा ध्वजारोहण किया गया। सुबह से ही पूरे क्षेत्र में मंत्रोच्चार, तीर्थ पूजन और धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए थे। प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार करीब आठ लाख श्रद्धालु मेले में पहुंच सकते हैं।

सुरक्षा के लिए राजगीर बना पुलिस छावनी

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे राजगीर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के लिए 950 दंडाधिकारी, 530 से अधिक पुलिस पदाधिकारी, 1000 होमगार्ड जवान और घुड़सवार पुलिस बल की तैनाती की गई है।

श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं

इस बार मेले को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रशासन ने कई खास इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए स्टेट गेस्ट हाउस में टेंट सिटी बनाई गई है। इसके अलावा 14 स्थानों पर आश्रय स्थल तैयार किए गए हैं। 11 जगहों पर जर्मन हैंगर और तीन वाटरप्रूफ पंडाल बनाए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं को नि:शुल्क ठहरने की सुविधा मिलेगी।राजगीर के प्रमुख चौक-चौराहों को तोरणद्वारों से सजाया गया है। पेयजल व्यवस्था के लिए पीएचईडी ने 30 स्थानों पर 300 प्याऊ लगाए हैं। 20 नए चापाकल लगाए गए हैं और 60 खराब चापाकलों की मरम्मत कराई गई है। प्रतिदिन लगभग तीन लाख श्रद्धालुओं तक पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।

स्वास्थ्य और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान

मेले में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। आठ अस्थायी अस्पताल, 18 स्वास्थ्य शिविर और 16 एम्बुलेंस की तैनाती की गई है। वहीं सफाई व्यवस्था के लिए पूरे मेला क्षेत्र को तीन जोन में बांटा गया है। तीन पालियों में 617 सफाईकर्मी और बड़ी संख्या में वाहन लगाए गए हैं।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

One Response