पटना,अंग भारत। सम्राट चौधरी ने सोमवार को पटना के गांधी मैदान से बिहार अग्निशमन विभाग के 80 आधुनिक हाई-टेक फायर ब्रिगेड वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही विभाग को 36 नई स्कॉर्पियो गाड़ियां भी सौंपी गईं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बिहार को उद्योग, निवेश और मजबूत कानून व्यवस्था के जरिए समृद्ध राज्य बनाने की अपनी सरकार की प्राथमिकता दोहराई।
Read more…………विक्रमशिला सेतु संकट के बीच पुलिस की सख्त निगरानी
बिहार में उद्योग और निवेश बढ़ाने पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य में समृद्धि तभी आएगी जब बड़े स्तर पर उद्योग स्थापित होंगे और युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने बिहार से बाहर रह रहे लोगों से राज्य लौटकर यहां उद्योग लगाने और निवेश करने की अपील की।मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार बिहार में निवेश का सकारात्मक माहौल तैयार करने में जुटी हुई है। उन्होंने दावा किया कि सरकार अगले एक वर्ष के भीतर राज्य में पांच लाख करोड़ रुपये का पूंजी निवेश लाने के लक्ष्य पर काम कर रही है।उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास को गति देने के लिए सरकार नई नीतियां और योजनाएं तैयार कर रही है ताकि बिहार देश के अग्रणी औद्योगिक राज्यों में शामिल हो सके।
अग्निशमन विभाग को मिली आधुनिक सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी आपदा को बड़ी विपदा बनने से रोकना सरकार की जिम्मेदारी है। इसी सोच के तहत अग्निशमन विभाग को आधुनिक संसाधनों से मजबूत किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि बिहार अग्निशमन सेवा की क्षमता बढ़कर अब लगभग 8000 कर्मियों तक पहुंच चुकी है। नई हाई-टेक फायर ब्रिगेड गाड़ियां और आधुनिक उपकरण आगजनी तथा आपदा की घटनाओं से तेजी से निपटने में मदद करेंगे।कार्यक्रम में महिला फायर फाइटर्स ने भी अपने साहस और दक्षता का प्रदर्शन किया, जिसकी मुख्यमंत्री और अन्य अधिकारियों ने सराहना की।
कानून व्यवस्था पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सुशासन वाला राज्य है और सरकार ने पुलिस को स्वतंत्र रूप से कार्य करने की छूट दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य में किसी को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी मजबूती के साथ अपना काम कर रही है और आगे भी करती रहेगी। सरकार का उद्देश्य जनता की सुरक्षा और विश्वास को मजबूत करना है।
CISF ट्रेनिंग सेंटर को लेकर भी बड़ा बयान
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार को 1000 जवानों की क्षमता वाला सीआईएसएफ ट्रेनिंग सेंटर मिला है। उन्होंने बताया कि गया में विकसित हो रहे इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में एक और सीआईएसएफ ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने की विभाग की सराहना
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि अग्निशमन विभाग मानवता से सीधे जुड़ा विभाग है और हाल के वर्षों में इसकी क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।उन्होंने कहा कि विभाग अब बड़े अग्निकांड और आपदा की स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने में सक्षम हो चुका है।










