जयपुर,अंग भारत। राजस्थान में गर्मी ने इस बार विकराल रूप धारण कर लिया है। हालात ऐसे हैं कि दिन के साथ अब रातें भी लोगों को राहत नहीं दे रही हैं। प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में भीषण लू और तपिश का असर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट और पांच जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। अगले तीन से चार दिनों तक हीटवेव का असर बने रहने की चेतावनी भी दी गई है।
Read more…………..देशभर में ईंधन की कीमतों में लगातार दूसरा इजाफा लागू
9 शहरों में 45 से 47 डिग्री तक तापमान
पिछले 24 घंटों में राजस्थान के नौ शहरों में अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। सबसे अधिक गर्मी चित्तौड़गढ़ और पिलानी में रही, जहां तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सीकर और उदयपुर में इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया।माउंट आबू को छोड़कर पूरे प्रदेश में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
पेयजल संकट ने बढ़ाई मुश्किलें
भीषण गर्मी के साथ-साथ प्रदेश में पेयजल संकट भी गंभीर होता जा रहा है। राज्य के 315 शहरों और कस्बों में से 205 स्थानों पर पानी की किल्लत दर्ज की गई है। कई जगहों पर सप्लाई तीन से चार दिन में एक बार हो रही है।जयपुर और अजमेर जैसे बड़े शहरों में भी टेल एंड इलाकों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। स्थिति को संभालने के लिए सरकार ने प्रत्येक जिला कलेक्टर को एक-एक करोड़ रुपये का आपात बजट जारी किया है। इसके साथ ही जलदाय विभाग की 575 टीमें पूरे प्रदेश में तैनात की गई हैं।
पश्चिमी राजस्थान में सबसे ज्यादा असर
पश्चिमी राजस्थान के श्रीगंगानगर, बीकानेर, फलोदी, जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर में हीटवेव का सबसे ज्यादा असर देखा जा रहा है। पूर्वी राजस्थान के करौली, दौसा और अलवर में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।मौसम विभाग ने कोटा संभाग के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ दिनों तक गर्म हवाओं की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी है।
जयपुर और उदयपुर में भी झुलसाती गर्मी
राजधानी जयपुर में तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि रात का तापमान भी 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही है।उदयपुर में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, जहां तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर के समय सड़कें सुनसान नजर आईं और पर्यटन पर भी असर पड़ा है।
बाजार और जनजीवन पर असर
भीषण गर्मी का असर अब आम जनजीवन, कारोबार और पर्यटन पर साफ दिखाई देने लगा है। कई शहरों में दोपहर के समय बाजार पूरी तरह सूने हो जा रहे हैं। गर्म हवाओं और बढ़ती उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।रेलवे ट्रैक की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, जबकि कई स्थानों पर पानी के कैंपर और टेंट लगाकर लोगों को राहत देने की कोशिश की जा रही है।मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे गर्मी से राहत की उम्मीद भी कम नजर आ रही है।










