वाशिंगटन,अंग भारत। अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन में शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब व्हाइट हाउस के पास अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में मौजूद थे और बताया जा रहा है कि वह ईरान समझौते को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा कर रहे थे। गोलीबारी की आवाज सुनते ही सीक्रेट सर्विस एजेंट्स सक्रिय हो गए और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए व्हाइट हाउस परिसर को कुछ समय के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया। वहां मौजूद मीडिया कर्मियों और पत्रकारों को तुरंत सुरक्षित स्थान यानी प्रेस ब्रीफिंग रूम में भेजा गया।
Read more………..अमेरिका ने ताइवान को हथियार बिक्री रोकी, बड़ा खुलासा
सीक्रेट सर्विस की जवाबी कार्रवाई में संदिग्ध ढेर
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोलीबारी व्हाइट हाउस के पास स्थित 17वीं स्ट्रीट और पेंसिल्वेनिया एवेन्यू एनडब्ल्यू इलाके में हुई। यह स्थान आइजनहावर एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग के करीब है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान 15 से 30 राउंड तक गोलियां चलने की आवाज सुनी गई।सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ने तत्काल मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक संदिग्ध गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। गोलीबारी में एक राहगीर भी घायल बताया गया है। राहत की बात यह रही कि किसी भी सीक्रेट सर्विस एजेंट को चोट नहीं आई।
पहले भी कर चुका था सुरक्षा में सेंध की कोशिश
जांच एजेंसियों के अनुसार, मारे गए संदिग्ध की पहचान 21 वर्षीय नासिर बेस्ट के रूप में हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जुलाई 2025 में भी उसका सीक्रेट सर्विस से सामना हुआ था। उस समय उसने व्हाइट हाउस में घुसने की कोशिश की थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर मानसिक स्वास्थ्य निगरानी में भेजा गया था।घटना के बाद एफबीआई और सीक्रेट सर्विस ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमले के पीछे कोई बड़ी साजिश थी या नहीं।
गोलीबारी के दौरान दहशत में दिखे पत्रकार
व्हाइट हाउस परिसर में मौजूद पत्रकारों ने बताया कि शाम करीब छह बजे अचानक गोलियों जैसी आवाज सुनाई दी। इसके बाद सुरक्षा एजेंट्स ने सभी को तत्काल नीचे झुकने और सुरक्षित स्थान पर जाने के निर्देश दिए।पत्रकार एम्मा निकोलसन ने बताया कि वह रिकॉर्डिंग की तैयारी कर रही थीं तभी कई गोलियों की आवाज सुनाई दी। उन्होंने तुरंत जमीन पर झुककर खुद को सुरक्षित किया। वहीं संवाददाता सेलिना वांग ने कहा कि गोलीबारी रुकने के बाद सभी लोग दौड़कर प्रेस ब्रीफिंग रूम में पहुंचे।करीब एक घंटे तक व्हाइट हाउस परिसर पूरी तरह बंद रहा। बाद में स्थिति सामान्य होने पर मीडिया कर्मियों को नॉर्थ लॉन में वापस जाने की अनुमति दी गई।
एफबीआई और सीक्रेट सर्विस ने शुरू की जांच
यूएस सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता एंथनी गुग्लिएल्मी ने कहा कि एजेंसी ने संदिग्ध की योजना को विफल कर दिया। वहीं एफबीआई निदेशक काश पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि सूचना मिलते ही जांच टीम मौके पर पहुंच गई थी।घटना के बाद पूरे वाशिंगटन में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।










