नई दिल्ली,अंग भारत। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के ठीक एक दिन बाद आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। राजधानी दिल्ली में सीएनजी की कीमतों में फिर इजाफा कर दिया गया है। सोमवार से सीएनजी 2 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हो गई है। नई दर लागू होने के बाद दिल्ली में सीएनजी की कीमत 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई है।
Read more…………..पूर्वोत्तर को बड़ी सौगात, ललन सिंह का मेगा दौरा
15 मई के बाद चौथी बार बढ़े दाम
गौरतलब है कि 15 मई के बाद से यह चौथी बार है जब सीएनजी के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 15 मई को 2 रुपये, 18 मई को 1 रुपये और 23 मई को 1 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई थी। लगातार हो रही इस वृद्धि ने आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है।दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है। यहां ऑटो रिक्शा, टैक्सी, स्कूल वैन और निजी वाहनों का बड़ा हिस्सा सीएनजी पर निर्भर है। ऐसे में कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का सीधा असर लाखों लोगों की जेब पर पड़ने वाला है। परिवहन खर्च बढ़ने से रोजमर्रा की जरूरतों पर भी असर पड़ सकता है।
आम आदमी और ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर बढ़ेगा दबाव
विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आने वाले दिनों में किराया और लॉजिस्टिक लागत भी बढ़ सकती है। इसका असर बाजार में वस्तुओं की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है। घरेलू बजट पहले से महंगाई की मार झेल रहा है, ऐसे में सीएनजी के बढ़ते दाम लोगों की परेशानी और बढ़ा सकते हैं।
मध्य पूर्व तनाव से बढ़ी वैश्विक ऊर्जा चिंता
जानकारों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां इस तेजी की बड़ी वजह बन रही हैं। मध्य पूर्व में जारी तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार प्रभावित हुआ है। खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से तेल और गैस सप्लाई पर दबाव बढ़ा है। ईरान और अमेरिका के बीच करीब 12 सप्ताह से जारी तनाव का असर अब सीधे भारतीय बाजार पर दिखाई देने लगा है।कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल देखा जा रहा है। इसी के चलते देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें भी तेजी से बढ़ी हैं। रविवार को हुई बढ़ोतरी के बाद कई शहरों में पेट्रोल की कीमतें इस साल पहली बार 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गईं। अब सीएनजी महंगी होने से आम आदमी पर महंगाई का दबाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।











