ललितग्राम में रेलवे विकास की बड़ी शुरुआत
सुपौल,अंग भारत। जिले के ललितग्राम में बुधवार को रेलवे विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। लंबे समय से प्रस्तावित रेलवे वाशिंग पिट परियोजना का शिलान्यास सांसद दिलेश्वर कामैत और विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने संयुक्त रूप से किया। करीब 31.80 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना को कोसी क्षेत्र के रेलवे ढांचे के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
Read more……….बांका में किसान रजिस्ट्रेशन अभियान तेज, रजौन प्रखंड बना नंबर वन
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
शिलान्यास कार्यक्रम में रेलवे के सहायक डीआरएम संजय सिंह सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक सम्मान समारोह के साथ हुई, जहां रेलवे अधिकारियों ने सांसद और विधायक को शॉल एवं पाग भेंट कर सम्मानित किया।
वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद दिलेश्वर कामैत ने कहा कि ललितग्राम में रेलवे की लगभग 70 एकड़ जमीन वर्षों से खाली पड़ी थी। स्थानीय लोग लगातार यहां किसी बड़े रेलवे प्रोजेक्ट की मांग कर रहे थे। उन्होंने बताया कि क्षेत्रवासियों की मांग को रेल मंत्रालय तक पहुंचाया गया, जिसके बाद इस परियोजना को मंजूरी मिली।सांसद ने कहा कि कोसी क्षेत्र में नई ट्रेनों के विस्तार में वाशिंग पिट की कमी बड़ी बाधा थी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात के बाद इस आधुनिक सुविधा के निर्माण का रास्ता साफ हुआ। उन्होंने इसे पूरे कोसी और मिथिला क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
आधुनिक तकनीक से लैस होगा वाशिंग पिट
जानकारी के अनुसार ललितग्राम में बनने वाला वाशिंग पिट आधुनिक तकनीक से लैस होगा। यहां ट्रेनों की धुलाई के साथ-साथ तकनीकी जांच और रखरखाव की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। परियोजना के तहत सीट लाइन, स्टेबल लाइन और अन्य रेल सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा।रेलवे अधिकारियों के अनुसार यहां तीन ट्रैक विकसित किए जाएंगे। इनमें एक ट्रैक ट्रेनों की धुलाई के लिए जबकि अन्य दो ट्रैक तकनीकी जांच और मेंटेनेंस के लिए उपयोग में लाए जाएंगे। निर्माण कार्य को लगभग डेढ़ वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
रोजगार और विकास को मिलेगी नई रफ्तार
विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि वाशिंग पिट बनने से नई ट्रेनों के परिचालन का रास्ता खुलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। साथ ही उन्होंने वीरपुर तक रेलवे लाइन विस्तार और रेलवे की खाली भूमि पर उद्योग स्थापित करने की मांग भी उठाई।
कोसी क्षेत्र के रेल इतिहास का भी किया जिक्र
अपने संबोधन में सांसद दिलेश्वर कामैत ने कोसी क्षेत्र के पुराने रेल इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि 1934 के भूकंप और 2008 की कोसी त्रासदी के बाद यहां की रेल व्यवस्था को भारी नुकसान हुआ था। लेकिन अब केंद्र सरकार रेलवे नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।स्थानीय लोगों का मानना है कि इस परियोजना के शुरू होने से कोसी क्षेत्र में रेलवे सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा और आने वाले समय में क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।












One Response