न्यू चंडीगढ़,अंग भारत। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इस जीत के साथ राजस्थान ने क्वालिफायर-2 में अपनी जगह पक्की कर ली है, जहां उसका मुकाबला 29 मई को गुजरात टाइटंस से होगा। इस मैच की विजेता टीम फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगी।
Read more………..राजस्थान रॉयल्स के सूर्यवंशी का धमाका, 29 गेंदों में 97 रन से तोड़े रिकॉर्ड
राजस्थान ने बनाया विशाल स्कोर
मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 243 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत शानदार रही और बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में रन बटोरे।
सूर्यवंशी की तूफानी पारी बनी मैच का टर्निंग पॉइंट
राजस्थान की ओर से युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सबसे अधिक प्रभावित किया। उन्होंने मात्र 29 गेंदों पर 97 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 12 छक्के शामिल रहे। उनकी पारी ने हैदराबाद के गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में ला दिया।सूर्यवंशी ने यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए तेज साझेदारी की, जिससे टीम को मजबूत शुरुआत मिली। जायसवाल ने 29 रन बनाए, जबकि ध्रुव जुरेल ने 21 गेंदों पर 50 रन और कप्तान रियान पराग ने 26 रनों का योगदान दिया।
हैदराबाद की खराब शुरुआत और पतन
244 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। जोफ्रा आर्चर ने पावरप्ले में ही तीन बड़े विकेट लेकर टीम की कमर तोड़ दी। उन्होंने अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और ट्रैविस हेड को आउट किया।इसके बाद टीम संभल नहीं सकी और लगातार विकेट गिरते रहे। हैदराबाद की पूरी टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर ऑलआउट हो गई।
राजस्थान की गेंदबाजी में आर्चर चमके
राजस्थान की गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर सबसे सफल रहे और उन्होंने 3 विकेट झटके। उनके अलावा नांद्रे बर्गर, रवींद्र जडेजा और सुशांत मिश्रा ने भी महत्वपूर्ण विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।
अब क्वालिफायर-2 पर नजरें
इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स अब क्वालिफायर-2 में पहुंच गई है, जहां उसका मुकाबला गुजरात टाइटंस से होगा। फाइनल में पहुंचने के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है।











