Founder – Mohan Milan

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज पहुंचेंगे उत्तराखंड, तीन दिवसीय दौरा शुरू

देहरादून,अंग भारत। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार शाम तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रदेश भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक भव्य स्वागत की व्यापक तैयारियां की गई हैं।

Read more…………..जून से तीन महीने तक कम होंगी एयर इंडिया-इंडिगो फ्लाइट्स

संगठन को मजबूत करने पर रहेगा फोकस

राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह पहला उत्तराखंड दौरा संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अपने प्रवास के दौरान वे पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न प्रकोष्ठों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा करेंगे। साथ ही बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी मंथन किया जाएगा।

एयरपोर्ट से मुख्यालय तक 25 स्थानों पर स्वागत

भाजपा प्रदेश कार्यालय, बलबीर रोड पर तैयारियां जोरों पर हैं। कार्यकर्ता सुबह से ही बड़ी संख्या में पहुंचने लगे हैं। प्रदेश मुख्यालय को विशेष रूप से सजाया गया है। भाजपा नेताओं के अनुसार एयरपोर्ट से लेकर पार्टी मुख्यालय तक लगभग 25 स्थानों पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया जाएगा। युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के कार्यकर्ता पारंपरिक परिधानों में स्वागत करेंगे।

कोर कमेटी बैठक से शुरू होगा दौरा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नितिन नवीन शाम 4:35 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से वे सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय जाएंगे। शाम 6:15 बजे प्रदेश कोर कमेटी की बैठक होगी, इसके बाद मंत्रियों के साथ भी अलग से चर्चा होगी।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह प्रवास संगठन को नई ऊर्जा देगा और आगामी चुनावी तैयारियों को मजबूती प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात

29 मई को राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे पूर्व मुख्यमंत्री बी.सी. खंडूरी के आवास पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।इस दिन सांसदों, विधायकों, जिला अध्यक्षों और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठकें होंगी। साथ ही मीडिया, आईटी सेल और सोशल मीडिया टीम के साथ संवाद कार्यक्रम भी निर्धारित है।

आध्यात्मिक और सामाजिक कार्यक्रम भी शामिल

प्रवास के दौरान नितिन नवीन परमार्थ निकेतन में गंगा आरती में शामिल होंगे और संत समाज से भेंट करेंगे। इसे उनके दौरे का प्रमुख आध्यात्मिक कार्यक्रम माना जा रहा है।

30 मई को बूथ स्तर तक संवाद

30 मई को वे टपकेश्वर मंदिर में दर्शन करेंगे और बूथ अध्यक्षों के घर जाकर जलपान कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद बूथ समिति की बैठक और कार्यकर्ताओं से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।शिवालिक कॉलेज में “विकसित भारत 2047 : उच्च शिक्षा की परिवर्तनकारी भूमिका” विषय पर प्रबुद्ध गोष्ठी का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में युवा संवाद कार्यक्रम के बाद वे शाम को दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

One Response

Recent Posts