Founder – Mohan Milan

बांका प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड का खुलासा, 24 घंटे में 5 गिरफ्तार

बिहार,अंग भारत| बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र में हुए चर्चित प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। रूपसा-पत्तीचक गांव के बीच सड़क पर मंगलवार की शाम खैरा निवासी जमीन कारोबारी मिथिलेश कुमार उर्फ बीडीओ यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उनके सहयोगी कुंदन चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी।

Read more………..शांति और सौहार्द के बीच पूर्णिया में धूमधाम से मनी बकरीद

एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई कर पांच आरोपियों को पकड़ा

बांका पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा के निर्देश पर बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम (एसआईटी) ने पारंपरिक और तकनीकी अनुसंधान के जरिए तेजी से कार्रवाई करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों में बौंसी थाना क्षेत्र निवासी प्रशांत कुमार (20 वर्ष), रजौन थाना क्षेत्र के कटियामा निवासी अरविंद कुमार पोद्दार, खैरा निवासी मिथिलेश कुमार मंडल (38 वर्ष), सुमन कुमार (45 वर्ष) तथा धोबीडीह निवासी नागेंद्र यादव (45 वर्ष) शामिल हैं।

सुपारी देकर कराई गई थी हत्या

बांका एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि यह पूरी वारदात जमीन बेचने से जुड़े पैसों के विवाद के कारण हुई थी। पुराने विवाद को लेकर तीन लोगों ने मिलकर साजिश रची और अन्य अपराधियों को सुपारी देकर हत्या को अंजाम दिलाया।एसपी ने बताया कि मृतक मिथिलेश यादव का भी पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उनके खिलाफ अब तक चार मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। वहीं गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपियों का भी आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।

घायल सहयोगी के बयान से खुली साजिश की परतें

घटना के दौरान घायल हुए कुंदन चौधरी का इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने उनका फर्दबयान दर्ज किया, जो इस पूरे मामले के खुलासे में अहम साबित हुआ। कुंदन चौधरी के बयान के आधार पर पुलिस को साजिशकर्ताओं तक पहुंचने में बड़ी सफलता मिली।

कई पुलिस अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका

इस हत्याकांड के खुलासे के लिए गठित छापेमारी टीम में कई पुलिस अधिकारियों और जवानों ने अहम भूमिका निभाई। टीम में रजौन पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार, थानाध्यक्ष राज रतन, अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार, बाराहाट थानाध्यक्ष अशोक कुमार, नवादा बाजार सहायक थाना प्रभारी सुजीत कुमार, डीआईयू प्रभारी मनीष कुमार समेत कई पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।

मृतक की पत्नी के बयान पर दर्ज हुआ केस

मृतक की पत्नी नूतन देवी के फर्दबयान के आधार पर रजौन थाना में बीएनएस की धारा 103(1)/61(2) और 27 शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

फरार आरोपियों की तलाश में जारी है छापेमारी

पुलिस ने गिरफ्तार पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया है। वहीं घटना में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एसपी खुद लगातार दूसरे दिन रजौन थाना पहुंचकर पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे थे, जिससे पुलिस कार्रवाई में तेजी आई।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

One Response

Recent Posts