आगरा,अंग भारत। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पुत्री टिफनी ट्रंप शनिवार को अपने पति माइकल के साथ आगरा पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का भ्रमण किया और उसकी अद्भुत खूबसूरती को करीब से निहारा। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी उनके साथ मौजूद रहे।
Read more…………नेपाल में चीनी कंपनी के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा
एयरपोर्ट से सीधे होटल और फिर ताजमहल पहुंचीं
जानकारी के अनुसार टिफनी ट्रंप अपने पति के साथ पूर्वाह्न करीब 11:15 बजे आगरा सिविल एयरपोर्ट पहुंचीं। एयरपोर्ट से वह सीधे ताजगंज क्षेत्र स्थित एक पांच सितारा होटल गईं। वहां कुछ समय विश्राम करने के बाद वह शिल्पग्राम पहुंचीं और बैटरी चालित गोल्फ कार्ट के माध्यम से ताजमहल के पूर्वी गेट तक पहुंचीं।इसके बाद टिफनी ट्रंप और उनके पति पैदल ताजमहल परिसर में दाखिल हुए और विश्व धरोहर स्मारक की वास्तुकला एवं सौंदर्य का अवलोकन किया।
ताजमहल की खूबसूरती को कैमरे में किया कैद
ताजमहल की भव्यता और ऐतिहासिक महत्व को देखकर टिफनी ट्रंप और उनके पति काफी प्रभावित नजर आए। दोनों ने स्मारक के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण किया और कई तस्वीरें भी खिंचवाईं। विशेष रूप से प्रसिद्ध डायना बेंच पर बैठकर उन्होंने यादगार फोटोग्राफ्स लिए।सूत्रों के अनुसार उनका ताजमहल भ्रमण मूल रूप से शाम के समय प्रस्तावित था, लेकिन आगरा में मौसम अनुकूल रहने और गर्मी कम होने के कारण कार्यक्रम में बदलाव किया गया। इसी वजह से उन्होंने दोपहर की तेज धूप से पहले ही ताजमहल का दौरा किया।
करीब 35 मिनट तक किया भ्रमण
टिफनी ट्रंप दोपहर लगभग 12 बजे ताजमहल पहुंचीं और करीब 35 मिनट तक परिसर में रहीं। भ्रमण पूरा करने के बाद वह सीधे होटल लौट गईं। अमेरिकी राष्ट्रपति के परिवार से जुड़े होने के कारण उनके दौरे के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।
छह साल बाद फिर पहुंचा ट्रंप परिवार का सदस्य
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के वरिष्ठ सर्वेक्षण सहायक कलंदर विज ने बताया कि वर्ष 2020 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप, बेटी इवांका ट्रंप और दामाद जेरेड कुशनर के साथ ताजमहल देखने आए थे। उस दौरान भी ट्रंप परिवार ने ताजमहल में समय बिताया था और फोटोग्राफी की थी।करीब छह वर्ष बाद अब ट्रंप परिवार की दूसरी बेटी टिफनी ट्रंप का आगरा आगमन चर्चा का विषय बना हुआ है। उनके इस दौरे को लेकर पर्यटकों और स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला।










