Founder – Mohan Milan

बांका में विजिलेंस का बड़ा ट्रैप, रिश्वतखोर एसडीओ गिरफ्तार

रजौन/बांका,अंग भारत। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतर्कता अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने सोमवार को बांका जिले के रजौन में बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत विभाग के एक अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस की टीम ने रजौन विद्युत अवर प्रमंडल के सहायक विद्युत अभियंता (एसडीओ) बिजेंद्र कुमार को 20 हजार रुपये घूस लेते दबोच लिया।

Read more………बरारी-महादेवपुर घाट के बीच मुफ्त नाव सेवा, डीएम ने की समीक्षा

घरेलू कनेक्शन को कमर्शियल करने के नाम पर मांगी थी रिश्वत

जानकारी के अनुसार, धोरैया थाना क्षेत्र के घसिया गांव निवासी मनोज कुमार यादव अपने घर में लगे घरेलू बिजली कनेक्शन को कमर्शियल कनेक्शन में परिवर्तित कराना चाहते थे। आरोप है कि इस कार्य के बदले एसडीओ बिजेंद्र कुमार ने उनसे पहले दो लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। बाद में बातचीत के दौरान यह रकम घटाकर 30 हजार रुपये तय की गई।हालांकि, उपभोक्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं थे। उन्होंने पूरे मामले की शिकायत पटना स्थित विजिलेंस विभाग से की और कार्रवाई की मांग की।

शिकायत की जांच के बाद बिछाया गया जाल

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस विभाग ने मामले का सत्यापन कराया। आरोपों की पुष्टि होने के बाद एसडीओ को रंगे हाथ पकड़ने के लिए विशेष योजना बनाई गई। इसके तहत सोमवार को मनोज कुमार यादव तय रकम में से 20 हजार रुपये लेकर रजौन स्थित विद्युत अवर प्रमंडल कार्यालय पहुंचे।जैसे ही उन्होंने एसडीओ को रुपये सौंपे, पहले से निगरानी कर रही विजिलेंस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अधिकारी को रिश्वत की राशि के साथ गिरफ्तार कर लिया।

डीएसपी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई विजिलेंस डीएसपी सत्येंद्र राम के नेतृत्व में की गई। छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक राधेश्याम राम, अश्मित कुमार, अवर निरीक्षक शशिकांत सिंह, राहुल कुमार, रणधीर सिंह, पंकज कुमार सिंह समेत कुल 10 अधिकारी शामिल थे।गिरफ्तारी के दौरान टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कीं और आरोपी अधिकारी को अपने कब्जे में ले लिया।

गिरफ्तारी के बाद विभाग में मचा हड़कंप

कार्रवाई के बाद विजिलेंस डीएसपी ने रजौन थाना पुलिस को मामले की आधिकारिक जानकारी दी। इसके बाद आरोपी एसडीओ बिजेंद्र कुमार को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पटना ले जाया गया।इस कार्रवाई की खबर फैलते ही रजौन सहित पूरे बांका जिले के बिजली विभाग और अन्य सरकारी कार्यालयों में हड़कंप मच गया। भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की इस सख्त कार्रवाई को प्रशासनिक स्तर पर एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं आम लोगों के बीच भी इस कार्रवाई की व्यापक चर्चा हो रही है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

One Response