पटना से बांका तक का प्रशासनिक सफर
अंशुल अग्रवाल इससे पहले पटना में निबंधन महानिरीक्षक सह उत्पाद आयुक्त, मद्य निषेध विभाग के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। वहीं, पूर्व जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला का स्थानांतरण कौशल विकास विभाग में विशेष सचिव के पद पर किया गया है। उनके कार्यकाल में जिले में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं और प्रशासनिक पहलों को गति मिली थी।
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य
पदभार संभालने के बाद अंशुल अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा की जाएगी।
शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा फोकस
नए जिलाधिकारी ने कहा कि बांका विकास, पर्यटन और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जिला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, कृषि और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा व जवाबदेही के साथ करें।
जनता और प्रशासन के बीच संवाद होगा मजबूत
अंशुल अग्रवाल ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल योजनाओं का संचालन करना नहीं, बल्कि आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। इसके लिए जनता और प्रशासन के बीच संवाद को और मजबूत बनाया जाएगा। लोगों की शिकायतों और समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
पर्यटन विकास की संभावनाओं पर रहेगा विशेष ध्यान
बांका जिले की भौगोलिक और सांस्कृतिक विशेषताओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह जिला पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां के विशाल वन क्षेत्र, प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक पर्यटन स्थल विकास की अपार संभावनाएं रखते हैं। इन संभावनाओं को बेहतर तरीके से विकसित करने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाएगा।
श्रावणी मेला की बेहतर व्यवस्था होगी प्राथमिकता
नए जिलाधिकारी ने आगामी विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को लेकर भी अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि अगले महीने शुरू होने वाले मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम जाने के क्रम में बांका जिले से होकर गुजरते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की जाएंगी।उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, पर्यटन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से मेले का सफल, सुरक्षित और सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही झारखंड सीमा से सटे जिले होने के कारण कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।नए जिलाधिकारी की नियुक्ति के बाद जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलने और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।



































