काराकस,अंग भारत। वेनेजुएला में आए शक्तिशाली भूकंप ने व्यापक तबाही मचा दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार अब तक कम से कम 235 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1500 से अधिक लोग घायल हुए हैं। राहत और बचाव दल लगातार मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं। अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों की संख्या आने वाले समय में और बढ़ सकती है।
40 सेकेंड के भीतर आए दो शक्तिशाली भूकंप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लोगों ने पहले 7.2 तीव्रता का जोरदार भूकंप महसूस किया। इसके एक मिनट से भी कम समय के भीतर 7.5 तीव्रता का दूसरा शक्तिशाली झटका आया, जिसने पहले से कमजोर हो चुकी इमारतों को भी भारी नुकसान पहुंचाया। इन झटकों का असर केवल वेनेजुएला ही नहीं बल्कि कैरेबियन क्षेत्र के कई हिस्सों में भी महसूस किया गया। लगातार आफ्टरशॉक्स की आशंका के चलते लोग अब भी खुले स्थानों में रहने को मजबूर हैं।
मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी
स्थानीय प्रशासन, सेना और बचाव एजेंसियां ढही हुई इमारतों के मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चला रही हैं। कई इलाकों में सड़कें क्षतिग्रस्त होने और संचार व्यवस्था प्रभावित होने से राहत कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी वेनेजुएला को मानवीय सहायता के कई प्रस्ताव मिल चुके हैं।
USGS ने दी बड़े खतरे की चेतावनी
यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) ने चेतावनी दी है कि भूकंप के बाद तेज आफ्टरशॉक्स आने की पूरी संभावना बनी हुई है। एजेंसी के अनुसार करीब 30 प्रतिशत संभावना है कि आने वाले झटकों की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6 या उससे अधिक हो सकती है। ऑटोमेटेड हैजार्ड असेसमेंट सिस्टम ने संभावित भूस्खलन और लिक्विफैक्शन यानी मिट्टी के तरल होने की चेतावनी भी जारी की है।
हजारों मौतों और अरबों डॉलर के नुकसान की आशंका
यूएस जियोलॉजिकल सर्वे का अनुमान है कि मृतकों की संख्या हजारों तक पहुंच सकती है। एजेंसी ने आकलन किया है कि 10,000 से 100,000 लोगों की मौत होने की लगभग 42 प्रतिशत संभावना है। वहीं आर्थिक नुकसान 10 से 100 अरब डॉलर के बीच हो सकता है।
भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील है वेनेजुएला
विशेषज्ञों के अनुसार वेनेजुएला कैरिबियन और दक्षिण अमेरिकी टेक्टोनिक प्लेटों की सीमा पर स्थित है, जहां लगातार भूगर्भीय गतिविधियां होती रहती हैं। हालिया भूकंप बोकोनो फॉल्ट के पास आया, जिसे देश के सबसे सक्रिय और खतरनाक फॉल्ट क्षेत्रों में गिना जाता है। वेनेजुएला के भूकंपीय अनुसंधान फाउंडेशन के मुताबिक देश की लगभग 80 प्रतिशत आबादी भूकंप संभावित क्षेत्रों में रहती है।
1967 के बाद सबसे बड़ी त्रासदी
वेनेजुएला के इतिहास में जुलाई 1967 का भूकंप सबसे विनाशकारी घटनाओं में शामिल रहा था, जिसमें करीब 240 लोगों की जान गई थी। वहीं 1812 के भीषण भूकंप में लगभग 30,000 लोगों की मौत हुई थी। विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा आपदा भी देश के इतिहास की सबसे गंभीर प्राकृतिक त्रासदियों में शामिल हो सकती है।
अंतरराष्ट्रीय मदद शुरू, कई उड़ानें रद्द
इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ द रेडक्रॉस ने वेनेजुएला के लिए 40 टन राहत सामग्री भेजने की घोषणा की है। वहीं अमेरिका और यूरोप की कई प्रमुख एयरलाइंस ने काराकस के लिए अपनी उड़ानें अगली सूचना तक रद्द कर दी हैं। अमेरिकी प्रशासन ने भी खोज एवं बचाव कार्यों में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा जताया है।









