दरभंगा,अंग भारत। बिहार के दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र स्थित बरिऔल चौक में मोहर्रम के अवसर पर ताजिया विसर्जन और पहलाम कार्यक्रम के बाद रविवार देर रात हिंसा और तोड़फोड़ की घटना सामने आई। उपद्रव के दौरान कई घरों, दुकानों और मंदिर परिसर को नुकसान पहुंचाया गया। घटना में छह लोग घायल हुए हैं, जबकि पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
घर, दुकान और मंदिर परिसर में तोड़फोड़ का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कुछ लोगों ने बरिऔल चौक और आसपास के क्षेत्रों में उत्पात मचाया। आरोप है कि उपद्रवियों ने हिंदू परिवारों के कई घरों को निशाना बनाया। दुकानों के शीशे तोड़ दिए गए, मंदिर की चहारदीवारी क्षतिग्रस्त कर दी गई और सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया गया। कई मकानों की एस्बेस्टस की चादरें भी तोड़ दी गईं। इस दौरान रास्ते में मिले लोगों के साथ मारपीट की घटनाएं भी हुईं।
पुलिस पहुंची, छह आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जाले रेफर किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
चार साल पुराने प्रेम विवाह विवाद से जुड़ रहा मामला
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना की पृष्ठभूमि करीब चार वर्ष पहले हुए एक अंतरधार्मिक प्रेम विवाह से जुड़ी हो सकती है। बताया गया कि संबंधित युवक मोहर्रम कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा था, जहां उसकी कुछ लोगों से कहासुनी और हाथापाई हुई। इसके बाद कुछ लोग उसे खोजते हुए उसके गांव पहुंचे और वहां हिंसा तथा तोड़फोड़ की घटना हुई।
प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की
कमतौल के एसडीपीओ शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि बरिऔल और आसपास के क्षेत्रों में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है। प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि मामले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










