स्वदेशी रक्षा शक्ति से बढ़ा आत्मनिर्भर भारत का आत्मविश्वास
नई दिल्ली,अंग भारत| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण में कहा कि जून का महीना भारत के लिए कई बड़ी उपलब्धियों का साक्षी रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना में तीन स्वदेशी युद्धपोतों की शामिल होने से लेकर सी-295 सैन्य परिवहन विमान की पहली सफल उड़ान और डीआरडीओ की लॉन्ग रेंज लैंड अटैक क्रूज मिसाइल के सफल परीक्षण तक, देश रक्षा क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों से राष्ट्रीय सुरक्षा मजबूत होगी, एयरोस्पेस उद्योग को गति मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे।
योग की वैश्विक पहचान और भारत का शानदार प्रदर्शन
प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि इस बार दुनिया के 2500 से अधिक प्रमुख स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। करोड़ों लोगों ने योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाया। उन्होंने अहमदाबाद में आयोजित विश्व योगासन चैम्पियनशिप 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के 114 पदक, जिनमें 102 स्वर्ण पदक शामिल हैं, जीतने पर खुशी जताई और इसे भारत की योग परंपरा की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण बताया।
हरगिला संरक्षण और नागालैंड की खेल पहल बनी प्रेरणा
पीएम मोदी ने असम में हरगिला संरक्षण अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पूर्णिमा देवी बर्मन और हजारों महिलाओं की ‘हरगिला आर्मी’ ने समाज की सोच बदलने का काम किया। वहीं नागालैंड की बेबी लीग और वूमेन फुटसल लीग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ये पहल बच्चों और महिलाओं को खेलों से जोड़ने के साथ उनका आत्मविश्वास और प्रतिभा भी निखार रही हैं।
बीमा योजनाओं से करोड़ों परिवारों को मिला सुरक्षा कवच
प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से 58 करोड़ से अधिक लोग और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से 27 करोड़ से अधिक लोग जुड़ चुके हैं। उन्होंने महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के बहादुरपुरा गांव के पेठकर परिवार का उदाहरण देते हुए बताया कि परिवार ने विवाह समारोह में उपहारों की जगह गांव के लगभग साढ़े तीन हजार लोगों का दुर्घटना बीमा कराया। उन्होंने इसे समाज के प्रति जिम्मेदारी का प्रेरणादायक उदाहरण बताते हुए लोगों से विशेष अवसरों को समाज सेवा से जोड़ने की अपील की।










