तीन जुलाई को बनेगा मजबूत निम्न दबाव
कोलकाता,अंग भारत। बंगाल की खाड़ी में बनने जा रहे गहरे निम्न दबाव के कारण दक्षिण बंगाल में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। मौसम विभाग ने चार से आठ जुलाई के बीच दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही तेज हवाएं, आंधी और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। तटीय इलाकों के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है, जबकि समुद्र में ऊंची लहरें उठने की संभावना को देखते हुए मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।मौसम विभाग के अनुसार, तीन जुलाई को बंगाल की खाड़ी में एक मजबूत निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से सप्ताहांत से दक्षिण बंगाल में वर्षा की गतिविधियां तेज हो जाएंगी।
कोलकाता में ऑरेंज अलर्ट, फिलहाल हल्की बारिश के आसार
गुरुवार सुबह कोलकाता में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहा। शहर में गुरुवार और शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि आगामी दिनों के संभावित मौसम को देखते हुए कोलकाता के लिए भारी वर्षा की ऑरेंज चेतावनी जारी की गई है।गुरुवार को शहर का न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है।
चार से आठ जुलाई के बीच बढ़ेगा बारिश का असर
मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार और शुक्रवार तक वर्षा की तीव्रता अपेक्षाकृत कम रहेगी, लेकिन सप्ताहांत से निम्न दबाव के प्रभाव में मौसम तेजी से बदलेगा। गंगा के मैदानी दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना है। निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।
उत्तर बंगाल में फिलहाल कोई बड़ा खतरा नहीं
उत्तर बंगाल के लिए फिलहाल किसी विशेष मौसम चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी, लेकिन किसी बड़े मौसमीय खतरे की संभावना नहीं है। लोगों से मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।











