मेक्सिको सिटी,अंग भारत। फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-32 मुकाबले में मेक्सिको ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इक्वाडोर को 2-0 से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ मेक्सिको ने विश्व कप के नॉकआउट चरण में 40 वर्षों का लंबा इंतजार खत्म करते हुए अंतिम-16 में जगह बना ली। टीम की जीत के हीरो जूलियन क्विनोनेस और राउल जिमेनेज रहे, जिन्होंने पहले हाफ में नौ मिनट के भीतर गोल दागकर मुकाबला मेक्सिको के पक्ष में कर दिया।
पहले हाफ में ही मेक्सिको ने तय कर दी जीत
मेक्सिको ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। मैच के 22वें मिनट में जूलियन क्विनोनेस ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 31वें मिनट में राउल जिमेनेज ने दूसरा गोल दागते हुए इक्वाडोर की वापसी की उम्मीदों पर लगभग विराम लगा दिया। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने कई प्रयास किए, लेकिन कोई और गोल नहीं हो सका और मेक्सिको ने 2-0 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
40 साल बाद टूटा विश्व कप नॉकआउट का सूखा
यह मेक्सिको की विश्व कप नॉकआउट चरण में 1986 के बाद पहली जीत है। उस विश्व कप में मेक्सिको ने अपने घरेलू मैदान पर बुल्गारिया को हराकर अंतिम-16 का मुकाबला जीता था। इसके बाद 1994, 1998, 2002, 2006, 2010, 2014 और 2018 विश्व कप में टीम लगातार अंतिम-16 से बाहर होती रही। वहीं 2022 कतर विश्व कप में मेक्सिको ग्रुप चरण से ही बाहर हो गया था।
क्विनोनेस और जिमेनेज ने बनाए नए रिकॉर्ड
इस टूर्नामेंट में जूलियन क्विनोनेस का यह तीसरा गोल रहा। इसके साथ ही वह मेक्सिको के लिए विश्व कप इतिहास में संयुक्त रूप से दूसरे सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। उनसे आगे केवल लुइस “माटाडोर” हर्नांडेज़ और जेवियर “चिचारितो” हर्नांडेज़ हैं, जिन्होंने चार-चार गोल किए हैं।वहीं राउल जिमेनेज ने राष्ट्रीय टीम के लिए अपना 47वां अंतरराष्ट्रीय गोल दागते हुए जारेड बोर्गेट्टी को पीछे छोड़ दिया। अब वह मेक्सिको के सर्वकालिक शीर्ष स्कोरर चिचारितो के 52 गोल के रिकॉर्ड से सिर्फ पांच गोल दूर हैं।
एज़्टेका स्टेडियम में कायम रहा मेक्सिको का दबदबा
प्रतिष्ठित एज़्टेका स्टेडियम मेक्सिको के लिए एक बार फिर भाग्यशाली साबित हुआ। इस मैदान पर टीम ने विश्व कप में अब तक खेले 10 मुकाबलों में एक भी हार नहीं झेली है। आधिकारिक तौर पर मेक्सिको को इस स्टेडियम पर आखिरी हार वर्ष 2013 में विश्व कप क्वालीफायर के दौरान होंडुरास के खिलाफ मिली थी।इस जीत के साथ मेक्सिको ने सभी प्रतियोगिताओं में लगातार 12वां अपराजित मैच भी दर्ज किया और शानदार लय बरकरार रखी।
दक्षिण अमेरिकी टीम को हराकर भी बनाया नया इतिहास
इस मुकाबले की जीत के साथ मेक्सिको विश्व कप नॉकआउट चरण में किसी दक्षिण अमेरिकी टीम को हराने वाला पहला कॉनकाकाफ देश बन गया। इससे पहले दोनों महाद्वीपों के बीच खेले गए सभी पांच नॉकआउट मुकाबलों में दक्षिण अमेरिकी टीमों ने जीत हासिल की थी।अब अंतिम-16 में मेक्सिको का सामना इंग्लैंड और कांगो के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा। बता दें कि तेज आंधी-तूफान के कारण यह मैच निर्धारित समय से करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुआ। यह फीफा विश्व कप 2026 का दूसरा मुकाबला रहा, जो खराब मौसम से प्रभावित हुआ।










