Founder – Mohan Milan

गर्मी से राहत के बीच झारखंड में मौसम का बड़ा अपडेट

रांची,अंग भारत। झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में 30 अप्रैल तक मौसम में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने पूर्वी और उससे सटे मध्यवर्ती जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात की आशंका जताई है। इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। स्थिति को देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Read more………….झारखंड हाई कोर्ट सख्त, वन जमीन केस में याचिका खारिज

बारिश से तापमान में गिरावट, गर्मी से राहत

पिछले कुछ दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कई जगहों पर 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक तापमान कम हुआ है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। राजधानी रांची में लगभग 2 डिग्री और डाल्टनगंज में 3 डिग्री तक तापमान में कमी दर्ज की गई। अन्य जिलों में भी तापमान में गिरावट का असर देखा गया है।

अलग-अलग जिलों में तापमान का हाल

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 21.9 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार को रांची में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।इसके अलावा जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री और न्यूनतम 26.4 डिग्री, डाल्टनगंज में 41.6 और 26.5 डिग्री, बोकारो में 41.5 और 27.1 डिग्री तथा चाईबासा में 41.4 और 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से साफ है कि दिन में गर्मी का असर बना हुआ है, लेकिन बीच-बीच में मौसम राहत भी दे रहा है।

दिन में गर्मी, शाम को राहत

बुधवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और लोगों को तेज धूप व गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि दोपहर बाद अचानक मौसम बदला, आसमान में घने बादल छा गए और ठंडी हवाएं चलने लगीं। इससे लोगों को कुछ हद तक राहत महसूस हुई।

सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग ने संभावित खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें और सुरक्षित जगहों पर शरण लें। तेज हवा और ओलावृष्टि के कारण नुकसान की आशंका को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।राज्य में मौसम के इस बदलते रुख को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड में है। आने वाले एक-दो दिनों तक स्थिति ऐसी ही बनी रह सकती है, इसलिए लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।


Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts