पटना,अंग भारत। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के संदेश का असर अब बिहार सरकार के मंत्रियों में भी दिखाई देने लगा है। बुधवार को बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक ईं. शैलेंद्र उस समय चर्चा का केंद्र बन गए जब वह पटना में ई-रिक्शा से अपने कार्यालय पहुंचे। मंत्री के इस कदम को आम लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सादगी और जनहित से जुड़ा संदेश बताया।
Read more…………बिहार में खेल क्रांति की तैयारी, मंत्री श्रेयसी का बड़ा प्लान
पीएम मोदी के संदेश से प्रेरित दिखे मंत्री
कार्यालय पहुंचने के बाद मंत्री ईं. शैलेंद्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार देशवासियों से इंधन की बचत और ऊर्जा के संयमित उपयोग की अपील करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने दुनिया को यह दिखाया है कि यदि सरकार, मंत्री और आम नागरिक मिलकर प्रयास करें तो इंधन की खपत में बड़ी कमी लाई जा सकती है।उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बचत केवल आर्थिक जरूरत नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण और देशहित से जुड़ा विषय भी है। मंत्री ने आम लोगों, भाजपा कार्यकर्ताओं और एनडीए समर्थकों से अपील की कि जहां संभव हो, वहां निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन या वैकल्पिक साधनों का उपयोग करें।
सप्ताह में दो दिन सार्वजनिक परिवहन का संकल्प
मंत्री शैलेंद्र ने यह भी घोषणा की कि अब वह अपनी सरकारी सुविधाओं में केवल एक वाहन का ही उपयोग करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने निर्णय लिया है कि सप्ताह में दो दिन अपने सरकारी आवास से लगभग पांच किलोमीटर दूर स्थित कार्यालय तक साइकिल, ई-रिक्शा या अन्य सार्वजनिक परिवहन से ही जाएंगे।उनके इस फैसले को सादगी और व्यवहारिक राजनीति का उदाहरण माना जा रहा है। पटना की सड़कों पर मंत्री को ई-रिक्शा में देखकर आम लोगों के बीच भी काफी चर्चा रही। कई लोगों ने इसे सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि यदि जनप्रतिनिधि खुद इस तरह के कदम उठाएं तो आम नागरिकों में भी जागरूकता बढ़ेगी।
भाजपा नेताओं ने मंत्री की पहल को सराहा
दूसरी ओर नवगछिया भाजपा के जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने कहा कि बिहार में कई नेता अब सार्वजनिक परिवहन और सादगी को अपनाने लगे हैं। उन्होंने बताया that उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी कई बार पैदल सीएमओ पहुंचे हैं और अन्य मंत्री भी सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करते नजर आए हैं।भाजपा नेताओं ने मंत्री ईं. शैलेंद्र की पहल की खुलकर सराहना की। भाजपा नेता प्रभुनंदन चौधरी, उत्तम कुमार, दिनेश यादव, इंजीनियर कुमार गौरव, जश बाल्मिकी मंडल, ब्रजेश शर्मा नागर, दिलीप सिंह, ब्रजेश चौधरी, रंजीत गुप्ता और दिलीप महतो समेत कई नेताओं ने कहा कि मंत्री जो कहते हैं, उस पर अमल भी करते हैं।उन्होंने कहा कि मंत्री का यह कदम केवल दिखावा नहीं बल्कि समाज और देशहित में लिया गया एक व्यवहारिक निर्णय है। भाजपा नेताओं के अनुसार इससे आम लोगों को भी ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा मिलेगी।बिहार की राजनीति में मंत्री ईं. शैलेंद्र की यह पहल अब चर्चा का विषय बन गई है और इसे पीएम मोदी के “ईंधन बचाओ” अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।










