Founder – Mohan Milan

बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

पटना,अंग भारत। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा और समर्पण तथा ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प को लेकर बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने मंगलवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए।

जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर

बैठक में कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों और विभाग द्वारा नोडल के रूप में संचालित गतिविधियों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने सभी जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारियों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार तैयारियां पूरी करने और संबंधित विभागों तथा जिला प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा।डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि कला और संस्कृति के माध्यम से सेवा, समर्पण तथा ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों, सांस्कृतिक दलों, युवाओं और आम लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया।

हर जिले में नुक्कड़ नाटक की टोलियां होंगी शामिल

मंत्री ने ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक जिले में करीब 18 से 20 नाट्य एवं नुक्कड़ नाट्य टोलियों की पहचान कर उन्हें अभियान से जोड़ने का निर्देश दिया। इन सांस्कृतिक दलों के माध्यम से सेवा, समर्पण, विकास और जनकल्याण से जुड़े विषयों को आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा।उन्होंने विद्यालयों में आयोजित होने वाली अभिभावक-शिक्षक बैठकों यानी पीटीएम के दौरान भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित करने को कहा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों को भी अभियान से जोड़ना है।

जिला, प्रखंड और ग्राम स्तर पर निकलेगी सेवा ज्योति यात्रा

बैठक में बताया गया कि जिला, प्रखंड और ग्राम स्तर पर जनभागीदारी के आधार पर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। इसमें युवाओं और स्थानीय सांस्कृतिक दलों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। यात्रा के समापन स्थल पर जनकल्याणकारी योजनाओं, लाभार्थियों के साथ संवाद और ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रमों को महज औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए। अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने के लिए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सांस्कृतिक संसाधनों और प्रतिभाओं का अधिकतम उपयोग किया जाए।

25 प्रमुख योजनाओं की उपलब्धियां होंगी प्रदर्शित

अभियान के तहत भारत की विकास यात्रा से जुड़ी 25 प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली क्यूरेटेड किट भी तैयार की जाएगी। इसमें विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी के साथ क्यूआर कोड भी शामिल होंगे। यह किट निर्धारित गणमान्य व्यक्तियों को उपलब्ध कराई जाएगी।

सोशल मीडिया के जरिए युवाओं तक पहुंच

डॉ. प्रमोद कुमार ने अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया, रील्स और अन्य डिजिटल माध्यमों के प्रभावी इस्तेमाल का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अभियान की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने से युवाओं की भागीदारी बढ़ाई जा सकती है।मंत्री ने बिहार की समृद्ध लोक कला, लोक संगीत और लोक नाट्य परंपरा को भी अभियान से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से सक्रियता और आपसी समन्वय के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सेवा, समर्पण और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon