भागलपुर,अंग भारत। बिहार के भागलपुर जिले से पांच मासूम बच्चियों के अचानक लापता होने का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। नाथनगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-1 में हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों और प्रशासन दोनों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार सुबह जब बच्चियों के घरवालों को उनके गायब होने की जानकारी मिली तो परिवारों में चीख-पुकार मच गई।बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात करीब 11 बजे के बाद से सभी बच्चियां रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं। लापता बच्चियों की उम्र लगभग 8 से 10 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सभी बच्चियां एक ही गांव की रहने वाली थीं और आपस में अच्छी दोस्त थीं।
Read more…………..मानसून से पहले बिहार अलर्ट, बाढ़ जिलों में बढ़ी तैयारी
पैसे का लालच देकर ले जाने की आशंका
मामले में एक और बच्ची संध्या ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि लापता बच्चियों में शामिल पल्लवी उसके साथ पढ़ती थी। पल्लवी ने उससे कहा था कि उनके साथ जाने पर बहुत सारे पैसे मिलेंगे। हालांकि संध्या उनके साथ नहीं गई। इसी बयान के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है।लोगों को आशंका है कि बच्चियों को किसी गिरोह ने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। गांव में मानव तस्करी की आशंका को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद से मोहल्ले के लोग पूरी रात बच्चियों की तलाश में जुटे रहे, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
लापता बच्चियों में पल्लवी, गंगा और श्वेता समेत पांच बच्चियां शामिल हैं। परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी बुधवार रात में ही पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। परिवार वालों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस सक्रिय होती तो शायद बच्चियों का जल्द पता लगाया जा सकता था।गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग नाथनगर थाना पहुंचे और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की। लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी भी देखने को मिली।
पुलिस जांच में जुटी, इलाके में बढ़ी चिंता
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में पूछताछ शुरू कर दी है। कई संदिग्ध बिंदुओं पर जांच की जा रही है और बच्चियों की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू पर जांच की जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में बच्चों के गायब होने की घटनाओं ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। गांव में डर और असुरक्षा का माहौल है। परिजन लगातार बच्चियों की सुरक्षित वापसी की गुहार लगा रहे हैं।फिलहाल पूरे इलाके की नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी हुई है और लोग उम्मीद कर रहे हैं कि बच्चियों का जल्द से जल्द सुराग मिल जाएगा।










