रांची,अंग भारत। झारखंड इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि राज्य के 11 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है।मौसम विभाग के अनुसार गढ़वा और चतरा राज्य के सबसे गर्म जिले रहे, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा डाल्टनगंज में 43.4 डिग्री, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में 42 डिग्री, सरायकेला में 42 डिग्री, गुमला, रामगढ़ और बोकारो में 40 डिग्री, गिरिडीह में 40 डिग्री तथा सिमडेगा में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Read more…………..राहुल गांधी से मिले इरफान अंसारी, स्वास्थ्य पर चर्चा
23 और 24 मई को ऑरेंज अलर्ट जारी
भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 23 और 24 मई को झारखंड के उत्तर-पूर्वी और मध्यवर्ती जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है। इस दौरान बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना जताई गई है।मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है। किसानों और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
कुछ इलाकों में बारिश से मिली राहत
राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली। सबसे अधिक बारिश धनबाद जिले के पंचेत में 10.2 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मैथन, सिकटिया, महेशपुर और गोविंदपुर में भी हल्की बारिश हुई।गुरुवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से आसमान साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद आंशिक रूप से बादल छा गए। बादलों की वजह से तापमान में हल्की गिरावट महसूस की गई और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।
कई शहरों में तापमान खतरनाक स्तर पर
राजधानी रांची में गुरुवार को अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री और न्यूनतम 28.5 डिग्री रहा। डाल्टनगंज में अधिकतम 43.4 डिग्री और न्यूनतम 27.8 डिग्री दर्ज किया गया।बोकारो में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लगातार बढ़ती गर्मी ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है, हालांकि कुछ जिलों में बारिश और तेज आंधी की वजह से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है:










