रांची,अंग भारत। आदित्य साहू ने बढ़े हुए बिजली दर को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार तुरंत प्रभाव से बिजली दर वृद्धि को वापस ले, अन्यथा पार्टी जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन तेज करेगी।
Read more…..15 लाख में डील! सिपाही परीक्षा पेपर लीक का बड़ा खुलासा
बिजली बिल से आम जनता बेहाल
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि राज्य में आम उपभोक्ता बिजली विभाग की लापरवाही और बढ़ी दरों के कारण भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई उपभोक्ताओं को दो से ढाई लाख रुपये तक के बिजली बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे लोग मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हो चुके हैं।उन्होंने कहा कि लोग बिल सुधार के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं, जिससे उनका समय और आजीविका दोनों प्रभावित हो रही है।
भ्रष्टाचार और आर्थिक कुप्रबंधन का आरोप
साहू ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य का खजाना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है। उन्होंने दावा किया कि लगातार घोटाले सामने आ रहे हैं और ट्रेजरी से जुड़ा मामला तो पूर्व के चर्चित Fodder Scam से भी बड़ा बताया जा रहा है।उन्होंने कहा कि हालात ऐसे हैं कि छोटे कर्मचारियों से लेकर राज्यपाल तक के वेतन भुगतान में दिक्कतें आ रही हैं, जो सरकार की वित्तीय स्थिति को दर्शाता है।
वादे अधूरे, जनता पर बढ़ता बोझ
साहू ने कहा कि सरकार ने 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया था, लेकिन यह पूरी तरह छलावा साबित हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने राजस्व बढ़ाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए और खनिज संसाधनों से मिलने वाले फंड का दुरुपयोग किया गया।उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को 3200 रुपये प्रति क्विंटल धान मूल्य, 450 रुपये में गैस सिलेंडर और युवाओं को रोजगार देने जैसे वादे भी पूरे नहीं किए गए।
बिजली व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
भाजपा नेता ने राज्य की बिजली व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि महीनों तक खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाते और बिजली आपूर्ति की स्थिति लगातार खराब बनी हुई है। उन्होंने कहा कि राजधानी राँची में ही बिजली की हालत ठीक नहीं है, तो ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
स्मार्ट मीटर से बढ़ी परेशानी
साहू ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को भी आम जनता के लिए परेशानी का कारण बताया। उन्होंने कहा कि कई उपभोक्ताओं को एक साथ एक साल का बिल भेज दिया जा रहा है और भुगतान नहीं करने पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही है।
आंदोलन की चेतावनी
उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा जनता की भावनाओं के अनुरूप सरकार से बढ़ी हुई बिजली दर को तत्काल वापस लेने की मांग करती है। यदि सरकार इस पर ध्यान नहीं देती, तो पार्टी राज्यभर में आंदोलन को और तेज करेगी।साहू के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में बिजली दर और जनसुविधाओं को लेकर बहस और तेज होने के आसार हैं।









