गुवाहाटी,अंग भारत। असम में आज नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा समेत कुल पांच नेता मंगलवार को पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह गुवाहाटी के खानापाड़ा वेटरिनरी कॉलेज ग्राउंड में सुबह 11 बजे आयोजित होगा। समारोह को लेकर पूरे राज्य में उत्साह का माहौल है और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
Read more………..असम में कल फिर CM बनेंगे हिमंत, गुवाहाटी हाई अलर्ट पर
पीएम मोदी की मौजूदगी में होगा शपथ ग्रहण
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उनके साथ चार अन्य नेता भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। इनमें रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोडो और अजंता नेओग शामिल हैं। इनमें दो विधायक भाजपा, एक असम गण परिषद (अगप) और एक बीपीएफ से हैं।समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इसके अलावा देश के 22 राज्यों के मुख्यमंत्री, कई केंद्रीय मंत्री, एनडीए के प्रमुख नेता और बड़े उद्योगपतियों के भी कार्यक्रम में पहुंचने की जानकारी है।
रंजीत दास होंगे विधानसभा अध्यक्ष पद के उम्मीदवार
डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने यह भी बताया कि रंजीत दास को विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार बनाया जाएगा। उन्होंने सभी सहयोगियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई सरकार एक मजबूत, विकसित और समृद्ध असम के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस शपथ ग्रहण समारोह के जरिए भाजपा पूर्वोत्तर में अपनी राजनीतिक ताकत का बड़ा संदेश देने की तैयारी में है।
गुवाहाटी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री के आगमन को देखते हुए गुवाहाटी में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। खासकर खानापाड़ा इलाके में भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। कई मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है ताकि वीआईपी मूवमेंट के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।सोमवार रात तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह समेत अधिकांश बड़े नेता गुवाहाटी पहुंच चुके थे। प्रशासन की ओर से शहर को सजाने और साफ-सफाई का विशेष अभियान भी चलाया गया। कामाख्या मंदिर से लेकर खानापाड़ा तक और बरझाड़ हवाई अड्डे से कार्यक्रम स्थल तक सड़कों की सफाई, रंगाई-पुताई और सौंदर्यीकरण किया गया है।
भव्य पंडाल और हजारों लोगों के जुटने की तैयारी
शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने के लिए विशाल पंडाल तैयार किए गए हैं। भाजपा और एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बूथ अध्यक्षों और पंचायत प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।असम की राजनीति के लिए यह समारोह बेहद अहम माना जा रहा है। नई सरकार के गठन के साथ राज्य में विकास और राजनीतिक स्थिरता को लेकर नई उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।












One Response