लखनऊ,अंग भारत। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान हुए अलग-अलग सड़क हादसों में 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सबसे बड़ा हादसा उन्नाव जिले में हुआ, जहां लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस पलटने से एक सब इंस्पेक्टर और कैदी समेत छह लोगों की जान चली गई।
Read more…………एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, बस में लगी आग, चालक की मौत
उन्नाव एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा
पुलिस के अनुसार, औरास थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बिहार के सीवान पुलिस लाइन में तैनात सब इंस्पेक्टर रामचंद्र राम और कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर समेत छह लोगों की मौत हो गई।बताया गया कि पुलिस टीम कैदी को गुरुग्राम कोर्ट में पेशी के बाद वापस सीवान लौट रही थी। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। हादसे में 21 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
बाराबंकी में चार की मौत
बाराबंकी के हैदरगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में राहुल कुमार, राहुल सिंह, सत्यम सिंह और सूरज सिंह शामिल हैं।
नोएडा में आठ लोगों ने गंवाई जान
नोएडा के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे के दौरान हुए सड़क हादसों में आठ लोगों की मौत हो गई। इनमें आशीष चंद्र पांडे, हरेन्द्र, लोकेश, सूरज, हीरा यादव और गौरव कुमार समेत अन्य शामिल हैं।इसके अलावा सेक्टर-113 क्षेत्र में ट्रैक्टर पलटने से बदायूं निवासी 16 वर्षीय अनूप की भी मौत हो गई।
अलीगढ़ में ट्रकों की टक्कर
अलीगढ जिले के पनेठी क्षेत्र में मंगलवार तड़के दो ट्रकों की भिड़ंत में एक बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान वीरेंद्र, नितेश और तीन वर्षीय सूर्यांशी के रूप में हुई है।
हमीरपुर और मिर्जापुर में भी हादसे
हमीरपुर में तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे सो रहे बुजुर्ग दिव्यांग को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।वहीं मीरजापुर में बाइक और ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर में नागेश नामक युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी हुई है।










