Founder – Mohan Milan

IPL 2026: 6 हार के बाद लखनऊ ने RCB को रौंदा

लखनऊ,अंग भारत। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में लगातार छह मुकाबले हारने के बाद आखिरकार लखनऊ सुपर जायंट्स ने जीत का स्वाद चख लिया। इकाना स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए बारिश से प्रभावित मुकाबले में लखनऊ ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 9 रन से हराकर टूर्नामेंट में दमदार वापसी की। मैच को बारिश की वजह से 19-19 ओवर का कर दिया गया था, लेकिन रोमांच आखिरी गेंद तक बना रहा।

Read more………फीफा टिकट कीमतों पर बवाल,अध्यक्ष ने किया खुलकर बचाव

मिचेल मार्श ने खेली विस्फोटक शतकीय पारी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। टीम ने निर्धारित 19 ओवर में 3 विकेट खोकर 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। बारिश के नियमों के तहत बाद में बेंगलुरु के सामने 213 रन का संशोधित लक्ष्य रखा गया।लखनऊ की बल्लेबाजी के हीरो रहे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मिचेल मार्श, जिन्होंने शानदार अंदाज में 111 रन की विस्फोटक पारी खेली। मार्श ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए और बेंगलुरु के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। अपनी पारी में उन्होंने 9 चौके और 9 लंबे छक्के जड़े।मार्श ने शुरुआत से ही तेजी दिखाई और रनगति को लगातार ऊंचा बनाए रखा। उनके अलावा निकोलस पूरन ने 38 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि कप्तान ऋषभ पंत ने अंत में नाबाद 32 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

RCB की शुरुआत लड़खड़ाई, पाटीदार ने संभाली पारी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने शुरुआती ओवरों में ही विराट कोहली और जैकब बैथल के विकेट गंवा दिए, जिससे दबाव बढ़ गया।इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार ने मोर्चा संभाला और 50 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। उन्होंने देवदत्त पडिक्कल के साथ साझेदारी कर टीम को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की। हालांकि लगातार बढ़ते रनरेट के दबाव में बेंगलुरु की टीम पूरी तरह लय में नहीं आ सकी।आखिरी ओवरों में टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या और रोमारियो शेफर्ड ने तेजी से रन जरूर बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य से 9 रन दूर रह गई। निर्धारित 19 ओवर में आरसीबी 6 विकेट पर 203 रन ही बना सकी।

प्रिंस यादव की गेंदबाजी ने पलटा मैच

लखनऊ की जीत में युवा गेंदबाज प्रिंस यादव की भूमिका बेहद अहम रही। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए। प्रिंस ने विराट कोहली, जितेश शर्मा और देवदत्त पडिक्कल जैसे अहम बल्लेबाजों को आउट कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।वहीं आरसीबी की ओर से जोश हैजलवुड, क्रुणाल पांड्या और रसिख सलाम दार को एक-एक सफलता मिली, लेकिन गेंदबाज लखनऊ के बल्लेबाजों को बड़े शॉट खेलने से नहीं रोक सके।इस जीत के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स ने लगातार हार के सिलसिले को तोड़ते हुए प्लेऑफ की उम्मीदों को फिर जिंदा कर दिया है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts