गुवाहाटी,अंग भारत। असम में नई सरकार के गठन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य में 12 मई को होने वाले भव्य शपथ ग्रहण समारोह से पहले निवर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुवाहाटी के खानापारा स्थित पशु चिकित्सा महाविद्यालय खेल मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। माना जा रहा है कि यह समारोह असम की राजनीति का एक ऐतिहासिक अवसर बनने जा रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत कई बड़े राष्ट्रीय नेता और गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।
Read more………….भाजपा बहुमत के बाद CM सरमा का इस्तीफा, NDA मजबूत
खानापारा मैदान में तैयारियों का निरीक्षण
बीती रात डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने अधिकारियों के साथ समारोह स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने मंच व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, यातायात नियंत्रण, अतिथि स्वागत और आम लोगों की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि समारोह के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों को समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।सरमा ने अधिकारियों से कहा कि यह केवल शपथ ग्रहण समारोह नहीं बल्कि असम में लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनने का ऐतिहासिक अवसर है। इसलिए आयोजन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
10 मई को विधायक दल की अहम बैठक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने जानकारी दी है कि 12 मई को नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा। इससे पहले 10 मई को भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें नए नेता का औपचारिक चयन किया जाएगा। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रभारी के रूप में मौजूद रहेंगे। वहीं ओड़िशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी सह प्रभारी की भूमिका निभाएंगे।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा नेतृत्व एक बार फिर डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंप सकता है। हालांकि आधिकारिक घोषणा विधायक दल की बैठक के बाद ही की जाएगी।
असम चुनाव में NDA की बड़ी जीत
असम विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 102 सीटों पर जीत दर्ज की। इस जीत के साथ राज्य में लगातार तीसरी बार राजग सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है।यह चुनाव भाजपा के लिए इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि पहली बार पार्टी ने असम में अपने दम पर बहुमत का आंकड़ा पार किया है। चुनाव परिणाम आने के बाद डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा सौंप दिया था। इसके बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई।शपथ ग्रहण समारोह को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। समारोह में बड़ी संख्या में नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में नजर आ रहा है।









