हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में सड़कों पर उतरे नेता
पूर्वी सिंहभूम,अंग भारत। करनी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या और शहर में बढ़ते अपराध के विरोध में शुक्रवार को एनडीए के आह्वान पर जमशेदपुर बंद का व्यापक असर देखने को मिला। शहर के कई प्रमुख इलाकों में बाजार बंद रहे और सड़कें सामान्य दिनों की तुलना में खाली नजर आईं।
विधायक सरयू राय ने किया बंद का नेतृत्व
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय अपने समर्थकों के साथ खुद सड़क पर उतरे और बंद का नेतृत्व किया। उन्होंने साकची, बिष्टुपुर, मानगो, जुगसलाई, गोलमुरी और कदमा जैसे इलाकों का दौरा कर बंद को सफल बनाने की अपील की।सरयू राय ने कहा कि लगातार हो रही हत्याएं, गोलीबारी और लूट की घटनाएं शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
कई जगह वाहनों के टायरों की निकाली हवा
बंद के दौरान कई स्थानों पर स्थिति तनावपूर्ण भी रही। पुलिस की मौजूदगी में बंद समर्थकों ने कुछ वाहनों को रोककर उनके टायरों की हवा निकाल दी और टेंपो चालकों को वापस लौटने के लिए मजबूर किया।इस दौरान विभिन्न इलाकों में जुलूस भी निकाले गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
बाजारों में दिखा बंद का असर
साकची, बिष्टुपुर, मानगो, जुगसलाई और गोलमुरी जैसे प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में अधिकांश दुकानें सुबह से ही बंद रहीं।सड़क पर सामान्य आवाजाही कम रही और कई जगहों पर आमजन को असुविधा का सामना करना पड़ा।
विकास सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया
इस बीच भाजपा के पूर्व नेता और निर्दलीय प्रत्याशी विकास सिंह को पुलिस ने उनके आवास से हिरासत में ले लिया।विकास सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय विरोध करने वालों को रोक रही है।उन्होंने हत्याकांड के दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग की।
सरयू राय का सरकार पर हमला
सरयू राय ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार द्वारा हाल ही में पुलिस अधिकारियों का तबादला इस बात का संकेत है कि कानून-व्यवस्था में गंभीर विफलता रही है।उन्होंने नए अधिकारियों से निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रशासन रहा अलर्ट, कई जगह हिरासत
बंद को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात किए गए।कई बंद समर्थकों को एहतियातन हिरासत में भी लिया गया। हालांकि अस्पताल, एंबुलेंस और आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं।











