Founder – Mohan Milan

बिल्डर हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा,महिला आरोपी गिरफ्तार

भागलपुर पुलिस की तेज कार्रवाई से सुलझा मामला

भागलपुर,अंग भारत। जिले के तिलकामांझी थाना क्षेत्र में हुए चर्चित बिल्डर बजरंग कुमार हत्याकांड का पुलिस ने मात्र 12 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया है। मामले में पुलिस ने मृतक की प्रेमिका सीमा कुमारी को गिरफ्तार किया है।इसकी जानकारी शुक्रवार को एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने एक प्रेस वार्ता में दी।

वैज्ञानिक जांच से हुआ खुलासा

एसएसपी ने बताया कि इस हत्याकांड की जांच वैज्ञानिक अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया और एफएसएल, डॉग स्क्वायड व तकनीकी टीम की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई।

कैसे सामने आया मामला?

पुलिस के अनुसार 2 जुलाई को सूचना मिली थी कि बिल्डर बजरंग कुमार अपने कार्यालय से घर नहीं लौटे हैं।तलाशी के दौरान तिलकामांझी थाना पुलिस को उनका शव कार्यालय की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में मिला। शव पर धारदार हथियार से कई वार के निशान पाए गए थे।

12 घंटे में आरोपी तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया।इन तकनीकी सबूतों के आधार पर पुलिस सीमा कुमारी तक पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने घटना स्वीकार कर ली।

आरोपी ने क्या बताया?

पुलिस पूछताछ में सीमा कुमारी ने बताया कि घटना की रात वह बजरंग कुमार के कार्यालय गई थी । वहां दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने।आरोपी का आरोप है कि इसी दौरान उसके साथ कथित रूप से क्रूर व्यवहार किया गया, जिससे वह आक्रोशित हो गई।

कैसे हुई हत्या?

आरोपी के अनुसार,जब बजरंग कुमार सो गए तो उसने पास में रखे दबिया (धारदार हथियार) से उनके सिर पर वार कर दिया।इसके बाद संघर्ष की स्थिति में उसने उन पर लगातार कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी

एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं।मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon