कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, येलो अलर्ट जारी
रांची,अंग भारत। झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में 17 जुलाई तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
14 जुलाई को कुछ इलाकों में हो सकती है भारी बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि 14 जुलाई को झारखंड के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों के कुछ जिलों में भारी बारिश होने की भी संभावना है। खराब मौसम को देखते हुए लोगों से खुले स्थानों पर नहीं रहने, बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने और सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है।
रामगढ़ में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई। सबसे अधिक 34.5 मिलीमीटर बारिश रामगढ़ में दर्ज की गई।तापमान की बात करें तो पाकुड़ राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं लातेहार में सबसे कम 22.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।
रांची में दिनभर रही उमस
सोमवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। बादलों के बावजूद उमस और गर्मी के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।रांची में सोमवार को अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दूसरे शहरों का भी जानिए हाल
राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में भी तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहा।
- जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री और न्यूनतम 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
- डाल्टनगंज में अधिकतम 35.4 डिग्री और न्यूनतम 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
- बोकारो में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री और न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
- चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग की लोगों से अपील
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली के दौरान बेवजह घर से बाहर न निकलें। किसान और खुले मैदान में काम करने वाले लोग मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखें और बिजली गिरने की आशंका होने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। अगले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है।











