Founder – Mohan Milan

गोवा स्थापना दिवस पर देशभर के नेताओं ने दी शुभकामनाएं, विकास यात्रा की सराहना

नई दिल्ली,अंग भारत। गोवा राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत देश के कई शीर्ष नेताओं ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं। सभी नेताओं ने गोवा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और निरंतर विकास यात्रा की सराहना की।

राष्ट्रपति ने नवाचार और विकास की सराहना की

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि गोवा न केवल अपनी सांस्कृतिक धरोहर और आतिथ्य के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि शिक्षा, प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप और सतत विकास के क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गोवा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और राज्यवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

प्रधानमंत्री ने विकास और विरासत को बताया प्रेरणादायक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन उन सभी लोगों को याद करने का अवसर है जिन्होंने राज्य की पहचान और विकास के लिए योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि गोवा निरंतर प्रगति करता रहे और विकसित भारत के लक्ष्य में अहम भूमिका निभाए।प्रधानमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में गोवा की मातृभाषा में भी शुभकामनाएं देते हुए राज्य की संस्कृति, विरासत और जनजीवन की प्रशंसा की।

लोकसभा अध्यक्ष और अन्य नेताओं की शुभकामनाएं

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गोवा को प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विविधता और जीवंत जीवनशैली वाला महत्वपूर्ण राज्य बताया। उन्होंने कहा कि गोवा की समुद्री तटों की सुंदरता और ऐतिहासिक धरोहरें इसे वैश्विक पहचान दिलाती हैं।गृह मंत्री अमित शाह ने गोवा को संस्कृतियों और विरासत का संगम बताया, जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राज्य की परंपराएं भारत की विविधता में एकता को दर्शाती हैं।कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गोवा के विकास और सांस्कृतिक विविधता की सराहना की, वहीं कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने पर्यटन और अन्य क्षेत्रों में राज्य की प्रगति की कामना की।

विपक्षी नेताओं ने भी दी बधाई

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गोवा को संस्कृति और सद्भाव का प्रतीक बताया और राज्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गोवा को भारत की अनमोल भूमि बताते हुए इसकी प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक विरासत की प्रशंसा की।वहीं आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गोवा को अपने दिल के करीब बताते हुए वहां के लोगों की गर्मजोशी की सराहना की।

1987 में मिला था पूर्ण राज्य का दर्जा

उल्लेखनीय है कि 30 मई 1987 को गोवा को पूर्ण राज्य का दर्जा मिला था। तब से यह राज्य पर्यटन, संस्कृति, शिक्षा और आर्थिक विकास के क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है और देश के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक माना जाता है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts