बिहार,अंग भारत| सीवान जिले में शुक्रवार सुबह आई तेज आंधी और बारिश ने रेल परिचालन की रफ्तार पर अचानक ब्रेक लगा दिया। गोरखपुर-सीवान रेलखंड के गौरी बाजार के पास रेल ट्रैक पर पेड़ गिर जाने से ओएचई वायर टूट गया, जिसके कारण कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया।रेलवे अधिकारियों के अनुसार तकनीकी बाधा उत्पन्न होने के बाद तत्काल सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई और प्रभावित ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई।
कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का बदला गया रूट
रेल प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए कई प्रमुख ट्रेनों को डायवर्ट कर चलाने का निर्णय लिया। प्रभावित ट्रेनों में 15708 आम्रपाली एक्सप्रेस, 15652 लोहित एक्सप्रेस, 02570 नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल और 02564 नई दिल्ली-बरौनी स्पेशल शामिल हैं।इन सभी ट्रेनों को कप्तानगंज-थावे होते हुए सीवान मार्ग से चलाया गया, ताकि यात्रियों को कम से कम परेशानी हो और परिचालन जारी रखा जा सके।
घंटों देरी से चली ट्रेनें, यात्री हुए परेशान
तेज आंधी और तकनीकी खराबी के कारण कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।15028 मौर्य एक्सप्रेस करीब साढ़े तीन घंटे देरी से चली, जबकि गोरखपुर-छपरा सवारी गाड़ी लगभग डेढ़ घंटे लेट रही। इसके अलावा 15034 पाटलिपुत्र एक्सप्रेस और 15566 वैशाली एक्सप्रेस भी करीब एक घंटे विलंब से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुईं।
रेलवे ने शुरू किया मरम्मत कार्य
आंधी और बारिश थमने के बाद रेलवे प्रशासन ने ट्रैक और ओएचई लाइन की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त वायर और अन्य तकनीकी समस्याओं को ठीक करने का काम तेजी से किया जा रहा है।रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही रेल परिचालन को सामान्य कर दिया जाएगा।










