Founder – Mohan Milan

शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या, बंगाल में बढ़ा सियासी तूफान

कोलकाता,अंग भारत। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बुधवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब भाजपा नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। शुभेंदु अधिकारी ने इस हमले को पूर्वनियोजित बताते हुए कहा कि उनके सहयोगी की बेहद बेरहमी से हत्या की गई है। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से कानून अपने हाथ में नहीं लेने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

माध्यमग्राम में बीच सड़क पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग

जानकारी के मुताबिक बुधवार रात करीब 11:15 बजे चंद्रनाथ रथ अपनी कार से माध्यमग्राम इलाके से गुजर रहे थे। उनके साथ कार में ड्राइवर बुद्धदेव बेड़ा भी मौजूद थे। इसी दौरान बाइक सवार कुछ अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार को बीच सड़क पर रोक लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार रुकते ही हमलावरों ने बेहद करीब से लगातार गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चंद्रनाथ रथ के सीने में कई गोलियां लगीं, जबकि ड्राइवर बुद्धदेव बेड़ा भी गंभीर रूप से घायल हो गए।दोनों को तुरंत पास के विवा सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चंद्रनाथ रथ को मृत घोषित कर दिया। घायल ड्राइवर का इलाज कोलकाता के एक अस्पताल में जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

शुभेंदु अधिकारी ने बताया पूर्वनियोजित हमला

घटना की जानकारी मिलते ही शुभेंदु अधिकारी देर रात अस्पताल पहुंचे। उनके साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। मीडिया से बातचीत में शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह हमला पूरी योजना के तहत किया गया है। उन्होंने कहा कि चंद्रनाथ रथ की हत्या बेहद सुनियोजित तरीके से की गई और इसके पीछे राजनीतिक कारण भी हो सकते हैं।हालांकि उन्होंने कहा कि फिलहाल वह जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहते। उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस महानिदेशक सिद्धनाथ गुप्ता से उनकी बातचीत हुई है और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन मिला है।

भाजपा नेताओं का अस्पताल पहुंचना, सुरक्षा बढ़ी

घटना के बाद भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, सांसद अर्जुन सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता अस्पताल पहुंचे। पुलिस महानिदेशक सिद्धनाथ गुप्ता ने भी घटनास्थल का दौरा किया और अधिकारियों से पूरी रिपोर्ट ली।हत्या के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

भाजपा और तृणमूल में आरोप-प्रत्यारोप तेज

घटना के बाद भाजपा समर्थकों ने इस हमले के पीछे तृणमूल कांग्रेस का हाथ होने का आरोप लगाया है। वहीं तृणमूल कांग्रेस ने हत्या की कड़ी निंदा करते हुए अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग की है।तृणमूल कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए और दोषियों को जल्द से जल्द सख्त सजा मिलनी चाहिए।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts