फारबिसगंज में सहयोग शिविर में पहुंचे मुख्यमंत्री
बिहार,अंग भारत| बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को अररिया जिले के फारबिसगंज प्रखंड की हरिपुर पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और सरकार की योजनाओं को लेकर जानकारी दी।मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार सभी वर्गों के साथ न्याय के आधार पर काम कर रही है। उन्होंने साफ कहा कि अपराधियों और सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध रूप से रह रहे घुसपैठियों के मामले में सरकार किसी तरह का समझौता नहीं करेगी।
‘अपराधियों को बिहार छोड़ना होगा’
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अपराध करने वालों और अवैध तरीके से रह रहे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि भारत तभी मजबूत और समृद्ध बनेगा, जब बिहार भी विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ेगा। इसके लिए सभी लोगों को मिलकर काम करना होगा।
सहयोग शिविर में लाखों आवेदनों के निपटारे की जानकारी
मुख्यमंत्री ने सहयोग शिविर के उद्देश्य के बारे में बताते हुए कहा कि इसका मकसद आम लोगों की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने बताया कि पूरे बिहार में अब तक 4 लाख 53 हजार 62 शिकायतों के आवेदन प्राप्त हुए हैं।उन्होंने कहा कि इनमें से 4 लाख 25 हजार 260 आवेदनों का निपटारा किया जा चुका है, जबकि 27 हजार से अधिक लंबित आवेदनों के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।मुख्यमंत्री ने बताया कि अररिया जिले से मिले 7 हजार 130 आवेदनों में से 6 हजार 845 का निपटारा किया जा चुका है। वहीं हरिपुर पंचायत से प्राप्त 259 आवेदनों में से 245 मामलों का समाधान हुआ है।
30 दिन में शिकायतों का समाधान नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान तय समय सीमा में किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आवेदन का 30 दिनों के अंदर निपटारा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस भेजा जाएगा।उन्होंने कहा कि तीन बार नोटिस के बाद भी काम पूरा नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ निलंबन जैसी कार्रवाई की जाएगी।
213 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज और गांवों में कोचिंग की योजना
मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 15 जुलाई से राज्य के 213 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज शुरू करने की दिशा में काम किया जाएगा।इसके अलावा गांवों के हाई स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए कोचिंग की व्यवस्था करने की योजना भी शुरू की जाएगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिल सके।
फारबिसगंज में एयरपोर्ट बनाने की बात कही
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि फारबिसगंज में एयरपोर्ट निर्माण की योजना पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले साल से इस दिशा में प्रक्रिया शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बिहार के विकास के लिए दिए जा रहे सहयोग का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बिहार को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही हैं।
सोलर ऊर्जा और सिंचाई परियोजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में हर घर तक बिजली पहुंचाने के बाद अब सोलर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 125 यूनिट से अधिक बिजली उत्पादन करने वालों से सरकार बिजली खरीदने की व्यवस्था करेगी।उन्होंने सिलीगुड़ी-गोरखपुर छह लेन एक्सप्रेस-वे और कोशी-मेची नदी लिंक परियोजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी और कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।
‘समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करेंगे’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिस समृद्ध बिहार का सपना देखा है, उसे पूरा करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।उन्होंने कहा कि लोहिया स्वच्छता अभियान, गरीब परिवारों के लिए पक्के मकान और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।
कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में बिहार सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद, सांसद प्रदीप कुमार सिंह, फारबिसगंज विधायक मनोज विश्वास समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।











