भागलपुर,अंग भारत। बिहपुर के सोनवर्षा उच्च विद्यालय में इन दिनों सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है। गुरुवार को अचानक बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र वहां पहुंच गए और पूरे काम का निरीक्षण किया।मंत्री जी के अचानक पहुंचने से वहां मौजूद ठेकेदार, साइट इंचार्ज और अधिकारी हड़बड़ा गए। मंत्री ने एक-एक चीज को बारीकी से देखा। कहीं दीवार की प्लास्टरिंग हो रही थी तो कहीं रंग-रोगन का काम चल रहा था। उन्होंने हाथ लगाकर देखा कि मसाला सही लग रहा है या नहीं, ईंट की जुड़ाई कैसी है।मौके पर ही उन्होंने अधिकारियों को साफ शब्दों में कह दिया कि इस काम में कोई भी गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। काम पूरी ईमानदारी, अच्छी क्वालिटी के साथ और समय पर पूरा होना चाहिए। सरकारी पैसा जनता का पैसा है, इसका सही इस्तेमाल होना चाहिए।मंत्री ने कहा कि स्कूल सिर्फ चार दीवारी नहीं होता, यह बच्चों का दूसरा घर होता है। अगर स्कूल का परिसर गंदा, टूटा-फूटा रहेगा तो बच्चों का मन पढ़ाई में कैसे लगेगा? इसलिए स्कूल को इतना साफ, सुंदर और अच्छा बनाना है कि बच्चे खुद स्कूल आने के लिए उत्सुक रहें। उन्हें लगे कि वे एक अच्छी जगह पर पढ़ने जा रहे हैं।उन्होंने वहां मौजूद लोगों से बात करते हुए कहा कि हमारी सरकार का सबसे पहला लक्ष्य है कि बच्चों को पढ़ने के लिए अच्छा माहौल मिले। गांव के बच्चों को भी वही सुविधा मिलनी चाहिए जो शहर के बड़े-बड़े प्राइवेट स्कूलों में मिलती है। तभी तो गांव के बच्चे भी आगे बढ़ेंगे।मंत्री ईं शैलेंद्र ने आगे कहा, “हमारा संकल्प है कि बिहार में शिक्षा के स्तर को लगातार बेहतर बनाना है। हम चाहते हैं कि बिहार के हर बच्चे को पढ़ने-लिखने का बेहतर मौका मिले, ताकि वह अपना भविष्य खुद बना सके। बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के हर स्कूल को हम चमकाने में लगे हैं, ताकि हमारे गांव के बच्चों को भी आधुनिक सुविधाएं मिल सकें।”उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सोनवर्षा ही नहीं, बल्कि बिहपुर के सभी सरकारी स्कूलों का कायाकल्प किया जा रहा है। कहीं बाउंड्री वॉल बन रही है, कहीं क्लास रूम नया बन रहा है, कहीं शौचालय और पानी की व्यवस्था ठीक की जा रही है।निरीक्षण के दौरान वहां कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्कूल के शिक्षक, प्रिंसिपल और गांव के काफी लोग जमा हो गए थे। लोगों ने मंत्री जी को अपनी कुछ और समस्याएं भी बताईं, जिसे मंत्री जी ने ध्यान से सुना और संबंधित अधिकारियों को उसे भी जल्द ठीक करने को कहा।गौरतलब है कि सोनवर्षा उच्च विद्यालय इस इलाके का एक पुराना और प्रतिष्ठित स्कूल है। यहां दूर-दूर से बच्चे पढ़ने आते हैं। लंबे समय से स्कूल की बिल्डिंग जर्जर हालत में थी, जिसकी मांग ग्रामीण लगातार कर रहे थे। अब सरकार द्वारा इसके सौंदर्यीकरण के लिए राशि दी गई है और काम तेजी से चल रहा है।फिलहाल काम अंतिम चरण में है और उम्मीद है कि अगले एक-दो महीने में स्कूल का नया रूप सबके सामने होगा।








