Founder – Mohan Milan

आंधी-बारिश बनी आफत, मासूमों समेत पांच की जान गई

पूर्वी चंपारण,अंग भारत। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में सोमवार दोपहर मौसम ने अचानक भयावह रूप ले लिया। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के बीच आकाशीय बिजली और पेड़ गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन मासूम बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। कई जगहों पर भारी नुकसान की भी खबर है, जहां आधा दर्जन से अधिक घर जलकर राख हो गए।

Read more…….निशांत की यात्रा पर उमेश कुशवाहा का बड़ा बयान

बगीचे में खेल रहे बच्चों पर गिरी बिजली

सबसे दर्दनाक घटना सुगौली थाना क्षेत्र के कैथवलिया गांव में हुई। यहां बगीचे में मौजूद बच्चों पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में 15 वर्षीय सन्नी देओल कुमार और 8 वर्षीय अंशु कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 9 वर्षीय मंतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। मासूमों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ताड़ के पेड़ में गिरी बिजली, लगी भीषण आग

दूसरी बड़ी घटना रामगढ़वा थाना क्षेत्र के सिसवनिया गांव में सामने आई। यहां आकाशीय बिजली ताड़ के पेड़ पर गिरी, जिससे पेड़ में आग लग गई। देखते ही देखते आग पास की झोपड़ियों तक फैल गई और करीब आधा दर्जन घर जलकर राख हो गए।इस अगलगी में अपने ननिहाल आई 3 वर्षीय सरस्वती कुमारी की जलने से मौत हो गई। वहीं 22 वर्षीय चंदन महतो घायल हो गया। स्थानीय प्रशासन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षति का आकलन शुरू कर दिया है और पीड़ित परिवारों को सहायता देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

सड़क पर पेड़ गिरने से दो की मौत

तीसरी घटना ढाका-मोतिहारी मार्ग पर रूपडीह के पास हुई। तेज आंधी के कारण एक बड़ा पेड़ सड़क से गुजर रहे ई-रिक्शा पर गिर पड़ा। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान धीरज कुमार और 7 वर्षीय चुनचुन कुमार के रूप में हुई है।पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रशासन अलर्ट, राहत कार्य जारी

जिले में हुई इन घटनाओं के बाद आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम प्रभावित क्षेत्रों में कैंप कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी घटनाओं की रिपोर्ट तैयार की जा रही है और पीड़ित परिवारों को जल्द ही सरकारी मुआवजा दिया जाएगा।अचानक आए इस प्राकृतिक कहर ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मौसम विभाग ने भी लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

One Response

Recent Posts