Founder – Mohan Milan

होर्मुज में अमेरिकी सेलड्रोन जहाज पर ईरानी हमला, मोचा पर हूती के कब्जे से सुरक्षा परिषद चिंतित

होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी सेलड्रोन जहाज पर हुआ ईरानी हमला और लाल सागर में हूती विद्रोहियों के बढ़ते तनाव की सांकेतिक तस्वीर।

तेहरान/वाशिंगटन,अंग भारत। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसकी नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिका के ‘सेलड्रोन टाइप’ बिना चालक वाले जहाज पर हमला कर उसके इरादों को विफल कर दिया। इसी बीच, ईरान के प्रमुख समर्थक यमन के हूती विद्रोहियों ने लाल सागर के महत्वपूर्ण शहर मोचा पर कब्जा कर लिया है। हूती के इस कदम से क्षेत्रीय तनाव बढ़ने की आशंका के बीच संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने यमन की स्थिति पर बैठक की।

ओमान तट के पास दो जहाजों पर हमले की सूचना

अल जजीरा और सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर को ओमान के तट के पास दो जहाजों पर प्रोजेक्टाइल लगने की सूचना मिली है। प्रोजेक्टाइल में मिसाइल या रॉकेट जैसे हथियार शामिल हो सकते हैं।उधर, हूती विद्रोहियों के मोचा पर कब्जे के बाद रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य पर भी उनका नियंत्रण बढ़ गया है। यह जलडमरूमध्य दुनिया के प्रमुख व्यापारिक समुद्री मार्गों में शामिल है। ऐसे में यहां हूती की बढ़ती पकड़ को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है।

सुरक्षा परिषद में यमन की स्थिति पर चर्चा

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में यमन सरकार के प्रतिनिधि ने कहा कि क्षेत्र में पड़ोसी देशों और नागरिकों के खिलाफ ‘हूती आतंकवादी’ समूह की आक्रामकता बढ़ गई है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस स्थिति पर गंभीरता से ध्यान देने की अपील की।सऊदी अरब के संयुक्त राष्ट्र प्रतिनिधि अब्दुल अजीज अल-वासिल ने कहा कि उनका देश हूती के हमलों को रोकने के लिए सभी आवश्यक उपाय करेगा और अपनी सुरक्षा की रक्षा करेगा।पाकिस्तान के संयुक्त राष्ट्र प्रतिनिधि ने कहा कि यमन में बढ़ते संघर्ष के व्यापक क्षेत्र पर दूरगामी परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने समस्या के समाधान के लिए जल्द से जल्द कूटनीतिक प्रयास किए जाने की जरूरत बताई।

ईरान ने कूटनीतिक प्रयास की पेशकश की

सुरक्षा परिषद की बैठक के बाद ईरान के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि यमन को ‘दबाव, डराने-धमकाने और बेरहम घेराबंदी’ से मुक्त होकर सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार है। दुनिया को यमन की राष्ट्रीय संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का पूरी तरह सम्मान करना चाहिए।ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम में प्रसारित मंत्रालय के बयान में कहा गया कि लगातार घेराबंदी और सैन्य मदद से यमन से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं होगा। मंत्रालय ने यह भी कहा कि ईरान यमन की मौजूदा स्थिति को लेकर कूटनीतिक प्रयास करने के लिए तैयार है।

ट्रंप बोले- मध्यावधि चुनाव के बाद खत्म होगा युद्ध

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि ईरान मध्यावधि चुनाव को प्रभावित करने के लिए बेताब है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मध्यावधि चुनाव के तुरंत बाद संघर्ष समाप्त हो जाएगा। ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, “मुझे लगता है कि चुनाव के तुरंत बाद युद्ध खत्म हो जाएगा, क्योंकि वे अब और ज्यादा समय तक टिक नहीं सकते।”

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon