Founder – Mohan Milan

वीडी सतीशन कल लेंगे सीएम पद की शपथ, कांग्रेस उत्साहित

नई दिल्ली, अंग भारत। केरल की राजनीति में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। कांग्रेस नेता वीडी सतीशन सोमवार को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। इसके साथ ही करीब एक दशक बाद कांग्रेस के नेतृत्व वाला संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) राज्य की सत्ता में वापसी करेगा। इससे पहले वर्ष 2011 से 2016 तक कांग्रेस नेता ओमन चांडी के नेतृत्व में राज्य में यूडीएफ सरकार थी।

Read more………….पेपर लीक विवाद में घिरे शिक्षा मंत्री, राहुल ने उठाए सवाल

तिरुवनंतपुरम में भव्य समारोह की तैयारी

राजधानी तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। कांग्रेस इसे केवल शपथ ग्रहण कार्यक्रम नहीं, बल्कि बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देख रही है। अनुमान है कि समारोह में करीब एक लाख लोग शामिल हो सकते हैं।कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा कर्नाटक और तेलंगाना के मुख्यमंत्री समेत कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।

यूडीएफ को मिला स्पष्ट बहुमत

140 सदस्यीय केरल विधानसभा में यूडीएफ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 102 सीटों पर जीत दर्ज की है। इनमें कांग्रेस ने अकेले 63 सीटें हासिल कीं। यह जीत राज्य की पारंपरिक राजनीतिक व्यवस्था को भी दर्शाती है, जहां हर पांच साल में सत्ता यूडीएफ और वाम मोर्चे के बीच बदलती रही है।पिछले दस वर्षों से राज्य में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के नेतृत्व वाला वाम लोकतांत्रिक मोर्चा सत्ता में था। इस बार जनता ने बदलाव के पक्ष में मतदान करते हुए कांग्रेस गठबंधन को स्पष्ट जनादेश दिया।

कई दिनों तक चला नेतृत्व पर मंथन

मुख्यमंत्री पद को लेकर पिछले कई दिनों से दिल्ली और केरल में लगातार बैठकों का दौर चल रहा था। पार्टी नेतृत्व के बीच लंबे मंथन के बाद अंततः वीडी सतीशन के नाम पर सहमति बनी। सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी के आवास पर हुई अहम बैठक में नेतृत्व को लेकर अंतिम फैसला लिया गया।बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी के भीतर आम सहमति बनाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं राहुल गांधी ने वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला से भी चर्चा कर संगठनात्मक संतुलन बनाने का प्रयास किया। बाद में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई बैठक में सतीशन के नाम की औपचारिक घोषणा की गई।

छात्र राजनीति से मुख्यमंत्री तक का सफर

वीडी सतीशन का जन्म 1964 में कोच्चि के पास नेट्टूर में हुआ था। पेशे से वकील रहे सतीशन ने छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। उन्होंने केरल स्टूडेंट्स यूनियन (केएसयू) और बाद में यूथ कांग्रेस के जरिए संगठन में मजबूत पहचान बनाई।सतीशन को पूर्व मुख्यमंत्री के. करुणाकरण का करीबी माना जाता है। शुरुआती दौर में उन्हें चुनावी हार का सामना भी करना पड़ा, लेकिन उन्होंने संगठन में सक्रिय रहकर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की।उन्होंने पहली बार वर्ष 2001 में परवूर सीट से विधानसभा चुनाव जीता। इसके बाद लगातार छह बार विधायक चुने गए। हाल ही में हुए चुनाव में उन्होंने सीपीआई उम्मीदवार ईटी टायसन मास्टर को 20 हजार से अधिक मतों से हराया।

नई सरकार पर रहेंगी बड़ी जिम्मेदारियां

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुख्यमंत्री के रूप में वीडी सतीशन के सामने प्रशासनिक सुधार, रोजगार, विकास और जनकल्याण से जुड़े मुद्दे बड़ी चुनौती होंगे। सरकार के शुरुआती सौ दिनों पर पूरे राज्य की नजर रहेगी।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon