मोतिहारी,अंग भारत| पूर्वी चंपारण जिले के तुरकौलिया और रघुनाथपुर थाना क्षेत्रों में हुई जहरीली शराब कांड ने भयंकर रूप ले लिया है। अब तक इस घटना में छह लोगों की मौत हो चुकी है और एक दर्जन से अधिक लोग बीमार हैं, जिनमें से कई लोग अपनी आंखों की रोशनी भी गंवा चुके हैं। सभी बीमारों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है और उनमें से कुछ की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
मृतकों की पहचान
मृतकों में जयसिंहपुर पुलवाघाट के चंदू प्रसाद, परसौना के प्रमोद यादव, परिक्षण मांझी, बालगंगा के सम्पत साह, हरदिया के हरी भगत और लालकिशोर राय शामिल हैं। वहीं, बालगंगा के विनोद साह, राहुल पासवान, लोहा ठाकुर, लड्डू साह समेत कई लोग गंभीर हालत में हैं। चिकित्सकों ने लड्डू साह और विनोद साह को बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) रेफर किया है, जिससे मृतकों की संख्या में और वृद्धि की आशंका जताई जा रही है।
Read more………..जमालपुर रूट पर रेलवे की नई सौगात, 7 अप्रैल से सेवा शुरू
कैसे हुई जहरीली शराब की घटना
सूत्रों के अनुसार, बुधवार शाम को सभी ने परसौना और बालगंगा क्षेत्र में शराब का सेवन किया था, जिसके बाद रात में उनकी तबीयत खराब होने लगी। धीरे-धीरे हालत बिगड़ने के कारण अब तक छह लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। घटना से इलाके में शोक का माहौल है और गांवों में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित कदम उठाए हैं। एसपी स्वर्ण प्रभात ने तुरकौलिया के थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी को निलंबित कर दिया है, जबकि चौकीदार भरत यादव को गिरफ्तार किया गया है। वह मुख्य शराब कारोबारी नागा राय का रिश्तेदार बताया जा रहा है और आरोप है कि वह शराब के कारोबार में सहयोग करता था। पुलिस ने मुख्य आरोपी नागा राय सहित आठ अन्य शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया है और उनके सहयोगियों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है।
इसके अलावा, रघुनाथपुर और तुरकौलिया थाना क्षेत्रों में अलग-अलग एफआईआर भी दर्ज की गई हैं, और मृतक प्रमोद यादव की पत्नी ने भी आवेदन दिया है, जिसमें उन्होंने जहरीली शराब पीने से पति की मृत्यु की बात कही है।
चिकित्सा कैंप और सुरक्षा व्यवस्था
प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल कैंप लगाकर लोगों का इलाज शुरू कर दिया है। एसपी, डीएसपी और एसडीओ समेत पुलिस-प्रशासन की टीम गांवों में गश्त कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। डीआईजी हरकिशोर राय ने बताया कि सभी बीमारों का समुचित इलाज कराया जा रहा है और मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
स्प्रिट की खेप जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पीपराकोठी से 700 लीटर स्प्रिट जब्त किया, जो मेथनॉल से भरा हुआ था। इसकी जांच रिपोर्ट में मेथनॉल की पुष्टि हुई है, जो बेहद जहरीला होता है। अगर यह स्प्रिट वितरित हो जाता, तो हजारों लोगों की जान जा सकती थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप किसे-किसे सप्लाई की गई थी।











One Response