भोपाल,अंग भारत। मध्य प्रदेश के धार जिले में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद गुरुवार को शोक और सन्नाटे के बीच 16 मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। अलग-अलग गांवों में हुए अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा और हर आंख नम दिखी। मृतकों में नौ लोग नयापुरा, पांच सेमलीपुरा और दो रामपुरा गांव के निवासी थे। हादसे के बाद से इन तीनों गांवों में मातम पसरा हुआ है।
Read more……..वोटिंग के बीच हिंसा के आरोप,कई जिलों में तनाव
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
जानकारी के अनुसार, इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिकलिया फाटा के पास बुधवार देर रात मजदूरों से भरी एक पिकअप गाड़ी का टायर फट गया। तेज रफ्तार में चल रही गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और तीन-चार बार पलटते हुए डिवाइडर पार कर दूसरी ओर से आ रही स्कॉर्पियो से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में 16 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें छह बच्चे भी शामिल हैं।
राहत-बचाव कार्य में जुटे स्थानीय लोग
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से धार जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन ने तुरंत चिकित्सकीय व्यवस्था सुनिश्चित की।
घायलों का इलाज जारी
इंदौर संभागायुक्त सुदाम खाड़े के अनुसार, पिकअप वाहन में करीब 46 मजदूर सवार थे। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें से सात गंभीर घायलों को इंदौर रेफर किया गया है। लगभग 15 घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है, जबकि कुछ का उपचार निजी अस्पतालों में जारी है।
प्रशासन और पुलिस ने दी जानकारी
धार के पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने बताया कि वाहन तेज गति में था और चालक का नियंत्रण छूटने से यह दुर्घटना हुई। गुरुवार सुबह सभी मृतकों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए गए। सिविल सर्जन डॉ. मुकुंद बर्मन ने पुष्टि की कि सभी 16 शवों का पोस्टमार्टम किया गया है।
पीएम और सीएम ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की है।वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने का ऐलान किया है।
गांवों में पसरा मातम
तीनों गांवों में एक साथ कई अंतिम संस्कार होने से माहौल बेहद गमगीन रहा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह हादसा न केवल परिवारों बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गहरा आघात बनकर सामने आया है।










One Response