पटना,अंग भारत। बिहार में सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। देर रात जारी सूची में कई बड़े बदलाव देखने को मिले। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गृह, सामान्य प्रशासन और निगरानी जैसे अहम विभाग अपने पास रखे हैं। इस बार सबसे ज्यादा चर्चा स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग को लेकर हो रही है, क्योंकि वर्षों बाद इन विभागों के राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं।
Read more……….पटना में आज सम्राट कैबिनेट विस्तार, मोदी का रोड शो
स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग में बड़ा बदलाव
अब तक शिक्षा विभाग आमतौर पर जदयू के पास रहता था, जबकि स्वास्थ्य विभाग भाजपा के खाते में माना जाता था। लेकिन इस बार स्वास्थ्य विभाग जदयू को मिला है और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं भाजपा के मिथिलेश तिवारी को शिक्षा मंत्री बनाया गया है।सरकार में कई वरिष्ठ नेताओं को भी महत्वपूर्ण विभाग दिए गए हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा को कृषि मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। नीतीश मिश्रा को नगर विकास एवं आवास विभाग सौंपा गया है, जबकि दिलीप जायसवाल को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग मिला है।
कई वरिष्ठ नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी
रामकृपाल यादव को सहकारिता विभाग का प्रभार दिया गया है। बुलो मंडल को ऊर्जा मंत्री बनाया गया है। इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार को पथ निर्माण विभाग सौंपा गया है। विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन और संसदीय कार्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई है,लेशी सिंह को भवन निर्माण विभाग मिला है। श्रवण कुमार का विभाग यथावत रखते हुए उन्हें ग्रामीण विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। दामोदर रावत को परिवहन मंत्री बनाया गया है। संजय सिंह टाइगर को उच्च शिक्षा और विधि विभाग दिया गया है।अशोक चौधरी को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग सौंपा गया है। भगवान सिंह कुशवाहा को योजना एवं विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली है। मदन सहनी को मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग दिया गया है।
नए विभागों के साथ बदले राजनीतिक समीकरण
संतोष कुमार सुमन को लघु जल संसाधन विभाग मिला है, जबकि रमा निषाद को पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का जिम्मा दिया गया है। रत्नेश सदा को आपदा प्रबंधन विभाग और शीला मंडल को विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग सौंपा गया है।केदार प्रसाद गुप्ता को पर्यटन विभाग मिला है। सुनील कुमार को ग्रामीण कार्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। श्रेयसी सिंह को उद्योग एवं खेल मंत्रालय सौंपा गया है। सरकार में एकमात्र अल्पसंख्यक मंत्री मो. जमा खान को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग दिया गया है।नंद किशोर राम को डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग मिला है। प्रमोद कुमार को खान एवं भूतत्व के साथ कला एवं संस्कृति विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं स्वेता गुप्ता को समाज कल्याण, दीपक प्रकाश को पंचायती राज, संजय कुमार को गन्ना उद्योग और संजय कुमार सिंह को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग सौंपा गया है।इसके अलावा रामचंद्र प्रसाद को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। विभागों के इस नए बंटवारे के बाद बिहार की राजनीति में नए समीकरणों और आगामी रणनीतियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।










