बांका,अंग भारत। शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के हरिवंशपुर स्थित प्रसिद्ध तेलडीहा दुर्गा मंदिर में सोमवार को आस्था, परंपरा और धार्मिक उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मंदिर परिसर में आयोजित पाठा बलि अनुष्ठान में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लग गई थीं और पूरा इलाका जय माता दी के जयकारों से गूंज उठा।धार्मिक अनुष्ठान सुबह करीब सात बजे शुरू हुआ, जो दोपहर बाद लगभग चार बजे तक लगातार चलता रहा। इस दौरान कुल 2100 श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के चरणों में श्रद्धापूर्वक पाठा की बलि अर्पित की। आसपास के गांवों के अलावा दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचे थे।
Read more…………..मंत्री शैलेंद्र ने तेलडीहा मंदिर में की पूजा,दी बड़ी सौगात
सुरक्षा व्यवस्था रही पूरी तरह चाक-चौबंद
पाठा बलि कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से पूजा कराने के लिए पुलिस बल लगातार सक्रिय रहा।शंभूगंज थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद, पुलिस अधिकारी सौरभ कुमार, सहायक अवर निरीक्षक चंदन कुमार समेत कई जवान मंदिर परिसर में तैनात रहे। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कराते हुए व्यवस्था संभालते दिखे। प्रशासन की सक्रियता के कारण पूरे आयोजन के दौरान कहीं भी अव्यवस्था या अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने संभाली कमान
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अधिकारी भी दिनभर मंदिर परिसर में मौजूद रहे। बीडीओ नीतीश कुमार, अंचल अधिकारी जुगनू रानी और बीपीआरओ सुरेंद्र पाल समेत कई पदाधिकारी आयोजन की निगरानी करते रहे।श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिलाओं, बुजुर्गों और दूर-दराज से पहुंचे भक्तों के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई थी। प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि दर्शन और पूजा के दौरान किसी को परेशानी न हो।
भक्तिमय माहौल से गूंजता रहा पूरा क्षेत्र
दिनभर मंदिर परिसर धार्मिक माहौल में डूबा रहा। मां दुर्गा के जयकारों और पूजा-अर्चना के बीच श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ अनुष्ठान में शामिल होते रहे। तेलडीहा दुर्गा मंदिर में हर वर्ष आयोजित होने वाला यह आयोजन क्षेत्र की प्रमुख धार्मिक परंपराओं में गिना जाता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस धार्मिक आयोजन में भाग लेने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं और मां दुर्गा से सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
मंदिर को हुई तीन लाख से अधिक की आय
सोमवार को आयोजित पाठा बलि अनुष्ठान से मंदिर को करीब तीन लाख रुपये से अधिक की आय प्राप्त हुई। अंचल अधिकारी जुगनू रानी ने बताया कि यह राशि मंदिर न्यास समिति के कोष में जमा कराई जाएगी।उन्होंने कहा कि प्राप्त धनराशि का उपयोग मंदिर के विकास, रखरखाव और अन्य धार्मिक गतिविधियों के संचालन में किया जाएगा। प्रशासन और श्रद्धालुओं के सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।











One Response