रांची,अंग भारत। झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में 21 मई तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने आंधी, तेज हवाओं, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है|मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं 17 और 18 मई को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और वज्रपात की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऑरेंज अलर्ट में उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड के कई जिले शामिल हैं, जिनमें धनबाद, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, रांची और रामगढ़ प्रमुख हैं।
Read more……………पेट्रोल महंगा होते ही रांची में मची अफरा-तफरी, लोग परेशान
कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक बारिश सिमडेगा के कोलेबिरा क्षेत्र में 4.8 मिलीमीटर दर्ज की गई। वहीं पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में 3 मिलीमीटर, गुमला के पालकोट में 2.8 मिलीमीटर और बिशनपुर में 1 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राज्य में तापमान में भी काफी उतार-चढ़ाव देखा गया है। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं सबसे कम तापमान रांची के नामकुम क्षेत्र में 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।शुक्रवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह तेज धूप और उमस भरी गर्मी रही, लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया। तेज हवा के साथ बारिश होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। बारिश के बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों में तापमान में उतार-चढ़ाव
राज्य के प्रमुख शहरों में भी तापमान में विविधता देखने को मिली। रांची में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री और न्यूनतम 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री रहा। डाल्टनगंज में 44 डिग्री अधिकतम और 26 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।बोकारो में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री रहा, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतें। विभाग ने कहा है कि आंधी-तूफान और वज्रपात के समय खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। सुरक्षित स्थानों पर रहना ही सबसे बेहतर उपाय है।अधिकारियों ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है, इसलिए लोगों को लगातार मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की जरूरत है।










