Founder – Mohan Milan

वीडी सतीशन बने केरल के नए मुख्यमंत्री, ली शपथ

तिरुवनंतपुरम,अंग भारत। वीडी सतीशन ने रविवार को केरल के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राजधानी तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही राज्य में कांग्रेस नेतृत्व वाली यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) सरकार ने आधिकारिक रूप से सत्ता संभाल ली।

Read more…………बस्तर में अमित शाह का बड़ा मिशन, सुरक्षा और विकास पर फोकस

कांग्रेस और सहयोगी दलों के नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ

मुख्यमंत्री वीडी सतीशन के साथ उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों ने भी शपथ ग्रहण की। नई मंत्रिपरिषद में कांग्रेस के 11 नेताओं को शामिल किया गया है, जबकि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के पांच नेताओं को मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा यूडीएफ गठबंधन के अन्य सहयोगी दलों को भी सरकार में प्रतिनिधित्व दिया गया है।कांग्रेस कोटे से रमेश चेन्निथला, सन्नी जोसेफ, के. मुरलीधरन, एपी अनिल कुमार, पीसी विष्णुनाथ, टी सिद्दीकी, बिंदु कृष्णा, केए तुलसी, रोजी एम जॉन, एम लिजू और ओजे जनीश ने मंत्री पद की शपथ ली। वहीं इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के पीके कुन्हालीकुट्टी, एन शमसुद्दीन, केएम शाजी, पीके बशीर और वीई अब्दुल गफूर भी मंत्रिमंडल में शामिल किए गए हैं।

गठबंधन सहयोगियों को भी मिला प्रतिनिधित्व

यूडीएफ के अन्य सहयोगी दलों को भी नई सरकार में जगह दी गई है। केरल कांग्रेस (जोसेफ) के मॉन्स जोसेफ, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी के शिबू बेबी जॉन, केरल कांग्रेस (जैकब) के अनूप जैकब और कम्युनिस्ट मार्क्सवादी पार्टी के सीपी जॉन ने भी मंत्री पद की शपथ ली।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विभिन्न समुदायों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देकर यूडीएफ ने संतुलित मंत्रिमंडल बनाने की कोशिश की है।

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी समारोह में पहुंचे

शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक भी शामिल हुए।समारोह के दौरान सेंट्रल स्टेडियम में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नई सरकार के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।

102 सीट जीतकर सत्ता में लौटा यूडीएफ

2026 के केरल विधानसभा चुनाव में यूडीएफ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 102 सीटों पर जीत दर्ज की थी। स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद कांग्रेस नेतृत्व वाले गठबंधन ने सरकार गठन का दावा पेश किया था।वीडी सतीशन के नेतृत्व में नई सरकार से राज्य में विकास, रोजगार और सामाजिक कल्याण से जुड़े मुद्दों पर तेज फैसलों की उम्मीद जताई जा रही है। आने वाले दिनों में नई सरकार की प्राथमिकताओं और नीतियों पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon