नई दिल्ली,अंग भारत। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में हुए सनसनीखेज मां-बेटे हत्याकांड के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित सौरभ को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपित को पकड़ने के दौरान हुई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।दक्षिण-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी ने शनिवार को बताया कि आरोपित की तलाश लगातार की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सौरभ घाटी पार्क इलाके में मौजूद है और वहां बैठकर नशा कर रहा है। सूचना मिलते ही दक्षिण-पूर्व जिले की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड (ANS) टीम ने इलाके में घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।
Read more……….शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स 325 अंक उछला
पुलिस को देखते ही आरोपित ने की फायरिंग
पुलिस अधिकारियों के अनुसार टीम ने आरोपित को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सौरभ के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।मुठभेड़ के तुरंत बाद आरोपित को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी। पुलिस इस मामले में अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच कर रही है।
20 मई को सामने आया था मां-बेटे की हत्या का मामला
गौरतलब है कि 20 मई को गोविंदपुरी इलाके में मां शारदा और उनके बेटे खुशहाल की हत्या का मामला सामने आया था। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी और कई एंगल से मामले की पड़ताल की जा रही थी।जांच के दौरान पुलिस लगातार आरोपित की तलाश में छापेमारी कर रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें बनाई गई थीं। अब मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि हत्या से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर अब भी डर और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।











One Response