बिहार,अंग भारत| भागलपुर जिले में भीषण गर्मी और हीट वेव का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। तेज धूप, गर्म हवाओं और उमस भरे मौसम ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। स्थिति यह है कि दोपहर के समय सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। बढ़ती गर्मी का असर अब लोगों की सेहत पर भी साफ दिखाई देने लगा है। सरकारी और निजी अस्पतालों में हीट वेव और डिहाइड्रेशन से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
Read more…………सूखा नशा और अपराध पर सख्ती, निर्मली DSP का बड़ा अभियान
अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की संख्या
चिकित्सकों के अनुसार तेज धूप और शरीर में पानी की कमी के कारण लोगों की तबीयत तेजी से बिगड़ रही है। डॉक्टर विनय कुमार झा ने बताया कि लगातार गर्म वातावरण में रहने और पर्याप्त पानी नहीं पीने से लोगों में चक्कर आना, सिर दर्द, उल्टी, तेज बुखार और कमजोरी जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। कई मामलों में लोग अचानक बेहोश भी हो रहे हैं।अस्पतालों में ऐसे मरीजों का लगातार इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।
मौसम में राहत के आसार नहीं
बिहार कृषि विश्वविद्यालय के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। वातावरण में नमी अधिक रहने के कारण उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती है। सोमवार को भी दिनभर तेज गर्मी और उमस का असर बना रहा।मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में लोगों को और सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि लू और उमस का असर लगातार बना रहेगा।
पशु-पक्षियों पर भी पड़ रहा असर
भीषण गर्मी का असर केवल इंसानों पर ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों पर भी देखने को मिल रहा है। पशुपालकों के अनुसार अधिक तापमान के कारण दुधारू पशुओं की दूध उत्पादन क्षमता प्रभावित हुई है। पशुओं को राहत देने के लिए दिन में दो बार स्नान कराया जा रहा है।कई पशुपालक अपने मवेशियों को गंगा नदी और पोखरों तक ले जा रहे हैं ताकि उन्हें गर्मी से कुछ राहत मिल सके। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण पशु भी सुस्त और कमजोर नजर आ रहे हैं।
किसानों को दी गई विशेष सलाह
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे पेड़-पौधों में सुबह और शाम के समय ही सिंचाई करें। तेज धूप के दौरान पानी देने से पौधों पर विपरीत असर पड़ सकता है। इसके अलावा खेतों में हल्का छिड़काव करने की भी सलाह दी गई है ताकि पौधों को अत्यधिक गर्मी से बचाया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अधिक मात्रा में पानी पीने, ओआरएस, नींबू पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने की अपील की है। साथ ही हल्का और सुपाच्य भोजन करने तथा दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।लगातार बढ़ रही गर्मी ने जिले में जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है और लोग जल्द राहत भरी बारिश का इंतजार कर रहे हैं।











One Response